
गडक़री को पीएम पद की दौड़ से बाहर करने बदनाम कर रही भाजपा
शिवसेना सांसद संजय राउत ने लगाया बड़ा आरोप
मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को लेकर एक सनसनीखेज दावा किया है। राउत के मुताबिक, केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की छवि को खुद भारतीय जनता पार्टी नुकसान पहुंचाना चाहती है, क्योंकि गडकरी देश के अगले प्रधानमंत्री बनने के लिए एक बेहद मजबूत और लोकप्रिय दावेदार हैं। संजय राउत ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि नितिन गडकरी को बदनाम करने के पीछे कोई बाहरी ताकत नहीं, बल्कि खुद बीजेपी के ही कुछ बड़े नेता शामिल हैं, जो उन्हें जानबूझकर एक जाल में फंसाना चाहते हैं ताकि उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को रोका जा सके।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान संजय राउत ने आरोप लगाया, गडकरी साहब को लेकर जनता के बीच जो भी भ्रम फैलाया जा रहा है, उसमें उनके ही पार्टी के लोगों का हाथ है। नितिन गडकरी को बदनाम करने में और कोई नहीं बल्कि भारतीय जनता पार्टी के ही लोग हैं। वे उन्हें किसी न किसी तरह से एक जाल में फंसाना चाहते हैं। राउत ने अपने दावे को मजबूती देने के लिए अतीत का हवाला देते हुए कहा, 2014 से पहले भी जब गडकरी को पार्टी अध्यक्ष के रूप में दूसरा कार्यकाल देने की चर्चा चल रही थी, तब भी उन्हें इसी तरह फंसाने की कोशिशें हुईं थीं। उन्होंने दोहराया कि नितिन गडकरी की लोकप्रियता अच्छी है और वे प्रधानमंत्री पद के अगले दावेदार हो सकते थे, इसीलिए भाजपा खुद ही साजिश रच रही है। राउत ने कहा, वे पीएम पद के एक मजबूत दावेदार हैं, इसलिए उन्हें इतना बदनाम कर दो कि जनता के बीच उनकी छवि खराब हो जाए। ये उनकी ही पार्टी के लोग कह रहे हैं। उनको भी सब पता है।
यह पूरा विवाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के ई20 पेट्रोल (20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित ईंधन) को लेकर चल रही चर्चाओं और आरोपों से जुड़ा है। भारत सरकार ने देश में 20 फीसदी इथेनॉल मिले हुए पेट्रोल को अनिवार्य कर दिया है, जिसके चलते सार्वजनिक रूप से खूब विरोध हो रहा है।
Author: Jai Lok






