
जबलपुर (जयलोक)। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी भूमि पर चोरों और माफिया किस्म के लोगों की नजरे गड़ी हुई हैं। कोई खनन चोरी करने में लगा है तो कोई शासकीय भूमि पर कब्जा करने में। अब तो हद हो गई जब चोरों को चौकीदार बना दिया गया है या यह कहें कि जिन्हें चौकीदार बनाया गया था अब वही अब चोर बन गए। इसी प्रकार की एक बानगी का मामला जबलपुर तहसीलदार प्रदीप तिवारी के समक्ष आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल तहसीलदार ने महिला सरपंच और रोजगार सहायक को नोटिस जारी कर जवाब माँगा है। संतोष जनक जवाब नहीं प्राप्त होने पर जांच के उपरांत विधि संम्मत कार्यवाही करने की चेतावनी भी स्पष्ट रूप से दी गई है।
इस पूरे प्रकरण के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार गौर नदी पुल के आगे समाधि मार्ग पर स्थित ग्राम सिलुवा की सरपंच श्रीमती सुभद्रा बाई पति करण चौधरी और रोजगार सहायक धनंजय शर्मा ग्राम पंचायत सिलुवा को कल 7 जुलाई को कार्यालय तहसीलदार तहसील जबलपुर के द्वारा नोटिस जारी कर यह जवाब मांगा गया है कि शिकायतकर्ता प्रकाश शर्मा द्वारा सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से इस आशय की शिकायत प्रस्तुत की गई है कि ग्राम सिलुवा के अंतर्गत सरपंच एवं सहायक सचिव के द्वारा शासकीय भूमि को बेचा जा रहा है। अत: उपरोक्त प्राप्त शिकायत के संबंध में अगले तीन दिवस के भीतर ग्राम सिलुवा के सरपंच और रोजगार सहायक को कार्यालय में उपस्थित होकर शासकीय भूमि को विक्रय किए जाने या खुर्द बुर्द किए जाने के संबंध में अपना जवाब प्रस्तुत किया जाना आवश्यक है। अगर सरपंच और रोजगार सहायक जवाब देने उपस्थित नहीं होते हैं तो ऐसी स्थिति में समस्त जवाबदारी सरपंच और रोजगार सहायक की होगी। इस आदेश की प्रतिलिपि को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जबलपुर, अनुविभागीय अधिकारी जबलपुर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जबलपुर को भी प्रेषित की गई है।

यह है मामला
शिकायतकर्ता की ओर से बताया गया है कि जिला जबलपुर हल्का नंबर 71 तहसील जबलपुर के अंतर्गत ग्राम सिलुवा में सहायक सचिव और सरपंच द्वारा शासकीय भूमि को बेचा जा रहा है विभाग में आवेदन दिया गया परंतु कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है जिससे काफी समस्या हो रही है आवेदक काफी दिनों से इस पूरे घोटाले की शिकायत को उजागर कर रहा है और जाँच की माँग कर रहा है।






