Download Our App

Home » News » ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी बस 45 यात्री घायल, ओवरटेक करने की वजह से गोसलपुर में हुआ हादसा

ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी बस 45 यात्री घायल, ओवरटेक करने की वजह से गोसलपुर में हुआ हादसा

जबलपुर (जय लोक)। शहर में लगातार दो दिनों से यात्री बस सडक़ हादसे का शिकार हो रही हैं। कल पाटन में ट्रक से एक यात्री बस टकरा गई थी जिससे कई यात्री घायल हुए। वहीं आज फिर गोसलपुर में ऐसा ही हादसा हुआ। यहां यात्री बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस हादसे में बस में सवार 45 यात्रियों को चोटें पहुँची हैं। बताया जा रहा है कि हादसा बस चालक की लापरवाही से हुआ है। जिसमें बस चालक ओवरटेक कर रहा था और बस टे्रक्टर से जा टकराई।
आज सुबह गोसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर मिडवे के समीप तेज रफ्तार यात्री बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गई, जिससे 45 यात्री घायल हुए हैं। बीच सडक़ पर पलटी बस को देख राहगीरों ने तुरंत ही बस में सवार लोगों को बस से निकालना शुरू कर दिया। कई यात्रियों को गंभीर चोटें भी पहुँची हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कटनी से जबलपुर आ रही थी बस

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी 20 एओ 0372 गेहूं लेकर जबलपुर की उपज मंडी की ओर जा रहा थी। वहीं बस क्रमांक एमपी 20 पीए 9849 कटनी से जबलपुर की तरफ  आ रही थी। रास्ते में तेज रफ्तार यात्री बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक करते समय बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों की मदद से बस से घायलों को निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही गोसलपुर और सिहोरा पुलिस मौके पर पहुँची और राहत कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को बस से बाहर निकालने के लिए ग्रामीण आगे आए। उन्होंने एक एक कर घायलों को बस से बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना माना जा रहा है।

ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पलटी

इस हादसे में बस की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पलट गई। ट्राली में गेहूं लोड किया गया था। जो टक्कर के बाद सडक़ पर फैल गया। वहीं सडक़ पर बिखरे गेहूँ के बोरों से बस भी पलट गई।

तीन जगह हो रहा घायलों का इलाज

ग्रामीणों का कहना है कि बस में 50 यात्री सवार थे। पुलिस का कहना है कि बस में सवार 18 घायलों का इलाज गोसलपुर अस्पताल में किया जा रहा है जबकि 21 घायलों को सिहोरा सिविल अस्पताल भेजा गया है। वहीं 6 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिन्हें मेडिकल अस्पताल में भर्ती किया गया है।
गोसलपुर पुलिस ने बताया कि लापरवाही पूर्वक बस चलाने वाला बस चालक फरार है। यह हादसा ओवरटेक करने और बस चालक की लापरवाही से हुआ है। पुलिस ने बस जब्त कर ली है।

बस में 50 यात्री थे सवार

ग्रामीणों का कहना है कि बस में करीब 50 यात्री सवार थे। जो तय सीमा से अधिक बस में बैठाए गए थे। जिनमें 45 को ज्यादा चोट आने के कारण अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

इनका कहना है

ट्रैक्टर को ओवर टेक करने की वजह से यह हादसा हुआ है। इसमें घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। वहीं बस चालक की तलाश जारी है बस को जप्त कर लिया गया है।
गाजीवती पुसाम, थाना प्रभारी

 

यूपी में अंधड़, बिजली गिरने से 23 की मौत21 जिलों में अलर्ट जारी

 

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » News » ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी बस 45 यात्री घायल, ओवरटेक करने की वजह से गोसलपुर में हुआ हादसा

Top Headlines

Live Cricket