
जबलपुर (जयलोक)।कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर तेवर स्थित त्रिपुर सुंदरी मंदिर की चल एवं अचल संपत्तियों के सर्वेक्षण, सत्यापन, सूचीकरण एवं अभिलेखीकरण की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गोरखपुर अनुराग सिंह के आदेश पर गठित समिति द्वारा प्रारंभ की गई कार्यवाही के दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षित रखी गई सीलबंद पेटी को नियमानुसार खोला तथा उसमें रखे स्वर्ण एवं रजत आभूषणों सहित अन्य सामग्री का भौतिक सत्यापन और सूचीकरण किया गया।

पूरी प्रक्रिया समिति के सदस्यों की उपस्थिति में पारदर्शी एवं विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराई गई। सत्यापन में पेटी से लगभग 26.17 किलोग्राम चांदी तथा करीब 200 ग्राम स्वर्ण आभूषण एवं सामग्री प्राप्त हुई।


इनका विस्तृत विवरण तैयार कर अभिलेखों में दर्ज किया गया तथा सामग्री को सुरक्षित अभिरक्षा में रखने की कार्रवाई की गई। प्राप्त संपत्ति का वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 95 लाख रुपये आंका गया है।
Author: Jai Lok






