Download Our App

Home » News » दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर बांध का हिस्सा ढहा, देहरादून में पुल बहा

दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर बांध का हिस्सा ढहा, देहरादून में पुल बहा

मॉनसून का कहर, 120 सडक़ें बंद, अलर्ट जारी
देहरादून/नई दिल्ली (जयलोक)। उत्तराखंड में मॉनसून ने कहर बरपाया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्यभर में कुल 120 सडक़ें बंद हो गई हैं, जिसके कारण आम लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे गंभीर घटनाओं में लखवाड़ बहुउद्देश्यीय बांध परियोजना का निर्माणाधीन हिस्सा भरभराकर दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर गिर गया। इस घटना में निर्माण कंपनी के कई वाहन और उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, क्योंकि श्रमिक-कर्मचारी हादसे के वक्त दूसरे हिस्से में काम कर रहे थे। मलबे के कारण हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद रविवार सुबह तक मलबा हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया। यूजेवीएनएल के जनसंपर्क अधिकारी ने इस घटना को बरसात के दौरान निर्माण कार्यों में आने वाली सामान्य प्रक्रिया बताया है। दूसरी ओर, देहरादून के प्रेमनगर में नंदा की चौकी के पास टौंस नदी पर बना अस्थायी पुल शनिवार रात तेज बहाव में बह गया। इससे रविवार सुबह लगभग 11 बजे तक आवाजाही ठप रही और लोगों को दस किलोमीटर घूमकर जाना पड़ा। लोक निर्माण विभाग को आनन-फानन में नए पुल पर यातायात खोलना पड़ा, जिससे करीब 11 घंटे बाद लोगों को राहत मिल सकी।
इन घटनाओं ने बारिश के दौरान निर्माण कार्यों और अस्थायी इंतजामों की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी देहरादून सहित रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़ और नैनीताल जैसे छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर बारिश और आकाशीय बिजली चमकने के साथ तीव्र से अति तीव्र वर्षा का दौर चलने की भी आशंका है।
लोगों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। राज्यभर में बंद पड़ी 120 सडक़ों में पौड़ी में सर्वाधिक 20, चमोली में 17, पिथौरागढ़ में 14 और उत्तरकाशी में लगभग 15 सडक़ें शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, भूस्खलन की बड़ी मात्रा के कारण कुछ सडक़ों को खोलने में समय लग रहा है, लेकिन सभी डिविजनों को सडक़ संपर्क बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। जौनसार में भी 13 मोटर मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं, जिसके चलते यूजेवीएनएल ने अर्ली वार्निंग सिस्टम सक्रिय कर दिया है और तटवर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

 

ठेका कर्मी ने की स्मार्ट मीटर की चोरी बिना बताये लगाये कनेक्शन, उपभोक्ताओं से वसूली 98 हजार की राशि

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » News » दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर बांध का हिस्सा ढहा, देहरादून में पुल बहा

Top Headlines

Live Cricket