
नर्मदा घाटों पर 6 से 8 फीट बढ़ सकता है जल स्तर
जबलपुर (जय लोक)। शहर और आसपास के जिलों में दो दिनों से हो रही बारिश का असर बरगी बाँध में देखा जा रहा है। बारिश के कारण नदी नाले उफान पर हैं वहीं आसपास से बड़ी मात्रा में पानी बरगी बाँध में आ रहा है जिससे बरगी बाँध का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कल बाँध प्रबंधन ने 6 गेट खोले थे तो वहीं देर रात को हुई बारिश के कारण आज 9 गेट और खोलने पड़े। जिसके बाद दोपहर तीन बजे चार गेट और खोल दिए गए जिससे बरगी बाँध के 13 गेटों से जल निकासी की जा रही है।
बरगी बांध के जलग्रहण क्षेत्र में कल एवं रात्रि में हुई वर्षा के कारण बांध में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। बांध की सुरक्षा एवं जल स्तर को नियंत्रित एवं स्थिर बनाए रखने की दृष्टि से जल निकासी बढ़ाया जाना आवश्यक है। शनिवार सुबह 11 बजे बांध के 9 अतिरिक्त जलद्वार खोले गए। वर्तमान में बांध के कुल 13 गेट खुले हुए हैं। इन सभी द्वारों को औसतन 1.83 मीटर की ऊंचाई तक उठाया गया है। जलद्वारों से लगभग 2714 क्यूमेक पानी नर्मदा नदी के बहाव क्षेत्र में छोड़ा जा रहा है। बांध प्रबंधन के अनुसार जलाशय में आवक का स्तर करीब 941 क्यूमेक दर्ज किया गया है। वर्तमान में वर्षा की स्थिति में कुछ स्थिरता देखी जा रही है, परंतु ऊपरी इलाकों से आने वाले जलप्रवाह पर नियंत्रण कक्ष से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है, जिससे आवश्यकता पडऩे पर तत्काल आगामी कदम उठाए जा सकें।
नर्मदा तटों पर बढ़ेगा जलस्तर
बरगी बांध से बड़ी मात्रा में पानी नर्मदा नदी में छोड़े जाने के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। अनुमान के अनुसार नर्मदा के विभिन्न घाटों पर वर्तमान जलस्तर की तुलना में करीब 6 से 8 फीट तक पानी बढ़ सकता है। इससे निचले इलाकों और नदी के किनारे स्थित घाटों पर पानी का दबाव बढऩे की संभावना है। बांध से पानी छोड़े जाने के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर बढऩे की संभावना को देखते हुए आम लोगों से घाटों और नदी के तटीय क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

Author: Jai Lok






