
कलेक्टर ने दिए स्वामित्व योजना के कार्य में तेजी लाने के निर्देश
जबलपुर (जय लोक)। लंबे गतिरोध, विरोध, प्रदर्शन, धरना, हड़ताल, ज्ञापन के बाद अब स्थिति स्पष्ट है कि पूरे प्रदेश के पटवारियों को प्रदेश शासन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप स्वामित्व योजना के काम में गति दिखाना पड़ेगी। इस योजना के लागू होने के बाद पटवारियों की ओर से यह पक्ष प्रमुखता से उठाया गया था कि उनका पद शासन की ओर से रजिस्ट्री करने के लिए उपयुक्त नहीं है इसके लिए राजस्व निरीक्षक या फिर उससे उच्च अधिकारी को यह अधिकार दिया जाए। दूसरा महत्वपूर्ण बिंदु यह था की भूमि से संबंधित विवाद लगातार बने रहते हैं ऐसी स्थिति में कानूनी प्रक्रिया की बाध्यता और उसके दायरे में पटवारियों को ना रखा जाए।

इसके बाद कई महीनों तक विरोध प्रदर्शन और विभिन्न प्रकार के आंदोलन का क्रम चला। सरकार भी पीछे हटने के बजाय सख्त कदम उठाने लगी, कई पटवारी निलंबित हुए, कारण बताओ नोटिस जारी हुए, इसके बाद यह तय हुआ कि शासन की मंशा के अनुरूप पटवारियों को कार्य करना ही पड़ेगा।
स्वामित्व योजना के संबंध में आज सुबह कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने इस योजना के तहत किए जा रहे रजिस्ट्री कार्यों एवं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने स्वामित्व योजना के कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए प्रतिदिन एक हजार रजिस्ट्रियां करने का लक्ष्य निर्धारित किया। साथ ही प्रत्येक पटवारी को प्रतिदिन कम से कम 20 रजिस्ट्रियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कहा कि स्वामित्व योजना में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना है। जिस पटवारी द्वारा अपने क्षेत्र में रजिस्ट्री का कार्य पूरा कर लिया जाता है, उसे दूसरे हलके में स्थानांतरित करने के बजाय प्रोत्साहित किया जाए, ताकि अन्य पटवारी भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने सर्वर की गति बेहतर रहने के दौरान रजिस्ट्री कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक रजिस्ट्रियां की जा सकें।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी आमजन की समस्याओं को गंभीरता से समझें और उनका समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करें। सभी अधिकारी अपने पदीय दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें और आमजन को उनकी समस्याओं से राहत दिलाना सुनिश्चित करें।




