
किशोरोंं में बढ़ता अपराध का चलन बिगाड़ रहा शहर की फि•ाा
देर रात की घटना, पुरानी रंजिश का लिया बदला
जबलपुर (जयलोक)। युवाओं में छोटी छोटी बातों पर बढ़ता विवाद हत्या का कारण बन रहा है। धैर्य और संतोष की कमी एक दूसरे की जान की दुश्मन बनती जा रही है। ऐसा ही मामला हनुमानताल थाने में सामने आया है। यहां एक नाबालिग को घेरकर आधा दर्जन नाबालिगों ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। मामला देर रात का है। पुलिस ने सभी आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की सहायता से आरोपियों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।
बताया जा रहा है कि देर रात हनुमानताल थाना अंतर्गत चार खम्बा में 6 से 7 बदमाशों ने मोहम्मद तनवीर नामक नाबालिग की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी। तनवीर की हत्या से क्षेत्र से सनसनी फैल गई, देखते ही देखते आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, देखा तो तनवीर खून से लथपथ हालत में पड़ा रहा। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाकर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस का कहना है कि तनवीर चार खम्बा क्षेत्र में अपने दोस्तों के साथ खड़ा बातचीत कर रहा था। तभी आधा दर्जन नाबालिग हथियारों से लैस होकर आए और तनवीर के साथ गाली गलौज करने लगे। तनवीर ने विरोध किया तो चाकू निकालकर दनादन वार किए, यहां तक कि चाकू से तनवीर का गला रेत दिया। हमले में तनवीर के शरीर पर गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हमला होते देख दोस्तों में चीख पुकार व भगदड़ मच गई।
बचाने को दौड़े राहगीर
नाबालिग पर हमला होते देख आसपास खड़े लोग उसे बचाने दौड़े लेकिन तब तक आरोपी हमला कर भाग चुके थे। शोर सुनकर परिजन भी आ गए, जिन्होंने तनवीर को खून से लथपथ हालत में पड़े देखा तो स्तब्ध रह गए। परिजनों ने पुलिस को खबर देते हुए तनवीर को अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त रहा।
तनवीर ने दो माह पहले आरोपी पर किया था चाकू से हमला
पुलिस ने बताया कि विवाद का कारण दो माह पूर्व शुरू हुआ था। दो माह पूर्व तनवीर का इलाके में ही रहने वाले एक नाबालिग के साथ विवाद हुआ था। इस विवाद के दौरान तनवीर ने नाबालिग पर चाकू से हमला किया था। जिसमें तनवीर के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी हमले का बदला लेने के लिए नाबालिग ने अपने साथियों के साथ मिलकर तनवीर पर चाकू से हमला किया।
कई दिनों से ताक में थे आरोपी
तनवीर पर जिस तरह से हमला हुआ है उसे देखकर क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि आरोपी कई दिनों से हमला करने की ताक में थे। तनवीर ने जिस पर चाकू से हमला किया था उसके ठीक होते ही आरोपियों ने हमला करने की योजना बनाई। वहीं पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह जगह दबिश दे रही है।
इनका कहना है…
तनवीर की हत्या करने वाले आरोपियों की तलाश जारी है। जाँच में पता चला है कि तनवीर ने जिस युवक पर पूर्व में चाकू से हमला किया था उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है।
सुभाष बघेल
हनुमानताल थाना प्रभारी






