Download Our App

Home » Uncategorized » पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, दो मजदूरों की हुई मौत और कई घायल

पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, दो मजदूरों की हुई मौत और कई घायल

देवास (जयलोक)। मध्य प्रदेश के देवास स्थित एक पटाखा फैक्टरी में गुरूवार सुबह भीषण विस्फोट हुआ। इससे पूरे इलाके में हडक़ंप मच गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के मकानों की दीवारें तक हिल गईं। लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। यह हादसा देवास के एबी रोड स्थित टोंककला में चलने वाली एक पटाखा फैक्टरी में हुआ।
फैक्टरी में काम कर रहे थे कई मजदूर
देवास कलेक्टर ऋतु राज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति पर काबू पा लिया गया है। इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि विस्फोट के समय फैक्टरी में कई मजदूर काम कर रहे थे। अचानक आग कैसे लगी इसकी भी जांच हो रही है।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के बाद सभी घायलों को देवास जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद फैक्टरी से ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया।
मौके पर पहुंची दमकल और प्रशासन की टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। करीब 8 से 10 फायर ब्रिगेड के वाहन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया गया। राहत और बचाव कार्य तेजी से किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही उज्जैन आईजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन और उज्जैन कमिश्नर आशीष सिंह भी मौके पर पहुंचे।

 

मानसून सत्र के पहले प्रदेश में हो सकता है मंत्रिमंडल का विस्तार

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » Uncategorized » पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, दो मजदूरों की हुई मौत और कई घायल

Top Headlines

Live Cricket