
दिल्ली प्रदूषण: सुप्रीम कोर्ट चिंतित
नई दिल्ली (जयलोक)।राजधानी दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने गहरी चिंता जताई है और इस पर सख्त निर्देश भी जारी किए हैं। शीर्ष अदालत ने वाहनों के अलावा पराली जलाने की घटनाओं को भी प्रदूषण की मुख्य वजहों में से एक बताया है। पंजाब और हरियाणा में कड़ी सख्ती के बावजूद पराली जलाने पर पूरी तरह से लगाम नहीं लग पा रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि किसान अब सैटेलाइट मॉनिटरिंग से बचने के लिए एक अनोखा तरीका अपना रहे हैं, जिसकी तुलना पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वारा पोखरण परमाणु परीक्षण के दौरान अमेरिकी सैटेलाइट्स को चकमा देने की रणनीति से की जा रही है। दरअसल, एक रिपोर्ट के मुताबिक किसान अब ऐसे समय पर पराली जलाते हैं जब कोई ऑब्जरवेटरी सैटेलाइट उस इलाके से नहीं गुजरता और न ही तस्वीरें ले पाता है। किसानों को यह बात अच्छी तरह पता है कि सैटेलाइट तभी देख सकते हैं जब वे उनके ऊपर से गुजरें। इसी चालाकी का फायदा उठाते हुए वे अक्सर शाम को या फिर रात में पराली जलाते हैं। इस वजह से पराली जलाने की बहुत सारी घटनाएं सैटेलाइट मॉनिटरिंग सिस्टम की पकड़ में ही नहीं आ पातीं। इंटरनेशनल फोरम फॉर इन्वायरमेंट सस्टेनेबिलिटी ऐंड टेक्नॉलजी के सीईओ डॉ. चंद्र भूषण के अनुसार, मौजूदा मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म पराली जलाने की पूरी तस्वीर साफ करने में सक्षम नहीं है।
यह केवल पोलर ऑर्बिटिंग सैटेलाइट के जरिए आग लगने की घटनाओं की गिनती करता है। उन्होंने बताया, मौजूदा सिस्टम के जरिए हम केवल इतना पता लगा पाते हैं कि कितनी जगहों पर आग लगाई गई, लेकिन यह नहीं पता चल पाता कि कहां और किस समय पराली जलाई गई, या कितने बड़े इलाके में आग लगी थी। ये सारी जानकारियां हासिल हों तभी नीति निर्माताओं को प्रभावी कदम उठाने में मदद मिल सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, जहां 2021 में पराली जलाने की 80 हजार से ज्यादा घटनाएं सामने आई थीं, वहीं 2025 में केवल 6 हजार घटनाओं को ही पकड़ा जा सका। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि सख्ती, जुर्माने और नई मशीनरी की उपलब्धता के कारण लोगों ने पराली जलाना कम किया है, लेकिन जानकारों का कहना है कि इस भारी गिरावट के पीछे किसानों द्वारा सैटेलाइट मॉनिटरिंग को चकमा देना भी एक बड़ा कारण है। वर्तमान में नासा के मॉडरेट रेजोल्यूशन इमेडिंग स्पेक्ट्रोडायोमीटर और विजिबल इन्फ्रारेड इमेजिंग रेडियोमीटर जैसे सिस्टम के जरिए पराली जलाने की घटनाओं का पता लगाया जाता है।
ऐसे चार सिस्टम हैं जो आग लगने को लेकर अलर्ट भेजते हैं। हालांकि, ये सभी सिस्टम एक निश्चित समय पर ही एक जगह की जानकारी देते हैं, और आमतौर पर ये सैटेलाइट दोपहर के समय यहां से गुजरते हैं। इस सिस्टम के जरिए केवल आग लगने की जगह की जानकारी मिलती है, न कि उसके प्रभाव वाले पूरे इलाके की। ऐसे में प्रभावी समाधान के लिए निगरानी तंत्र को और मजबूत व व्यापक बनाने की जरूरत है।






