
जबलपुर (जय लोक)। स्वच्छ सर्वेक्षण में संस्कारधानी जबलपुर को देशभर में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त होने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर आज डुमना एयरपोर्ट पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज का आत्मीय स्वागत नगर भाजपा अध्यक्ष रत्नेश सोनकर तथा अन्य भाजपा नेताओं ने किया और हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। महापौर के साथ पूर्व नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहरिवार तथा वर्तमान आयुक्त अग्रिम कुमार, कमलेश श्रीवास्तव, संभव अयाची तथा स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा साथ आए।

नगर भाजपा अध्यक्ष का कहना है कि जबलपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में प्राप्त हुई यह महत्वपूर्ण उपलब्धि महापौर के संकल्प, नगर निगम की पूरी टीम के अथक प्रयासों और जबलपुर के जागरूक नागरिकों के सामूहिक योगदान का परिणाम है।

स्वच्छता के क्षेत्र में जबलपुर की इस गौरवशाली उपलब्धि पर समस्त जबलपुरवासियों को हार्दिक बधाई भी नगर भाजपा ने दी है। विमानतल पर महापौर एवं नगर निगम अध्यक्ष के स्वागत के इस अवसर पर जिले के महामंत्री अमित सोनू बचवानी सहित पार्षद गण, कार्यकर्ता उपस्थित रहे, महापौर का कहना है कि अब लक्ष्य देश में प्रथम स्थान का है।




