
जबलपुर (जय लोक)। जबलपुर विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप जैन ने कार्यभार संभालते ही आज प्राधिकरण कार्यालय में पहली औपचारिक बैठक ली। इस बैठक में विभाग के सभी अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक अमले से परिचय प्राप्त करना और कार्यालय की वर्तमान कार्यप्रणाली को समझना था। जिसमें जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन ने सभी का परिचय लिया और कहा कि आज की बैठक में तो परिचय हो गया लेकिन अगली बैठक में कार्य पर बात की जाएगी। बैठक में उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान वर्तमान में चल रहे प्रोजेक्ट की स्थिति पर भी चर्चा की गई। इस दौरान अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के कामकाज का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।
जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन ने बैठक में शहर विकास से जुड़े लंबित कार्यों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अभी जो योजनाएं वर्तमान में अधूरी हैं या जिनमें किसी कारण से देरी हो रही है उस योजना की भी रिपोर्ट तैयार कर अगली बैठक में पेश करने के निर्देश दिए। बैठक में उन योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया जो वर्तमान स्थिति में अधूरी पड़ी हैं।

बैठक में इस बात के भी संकेत दिए गए कि शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने योजनाओं को गति दी जाएगी। विकास कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने और पूरी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने की रणनीति बनाई जा रही है। अध्यक्ष संदीप जैन ने जनता की सुविधा एवं विश्वास को सर्वोच्च प्राधमिकता देते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।


भोजशाला मामले में कोर्ट का बड़ा फैसला, परिसर को माँ वाग्देवी का मंदिर माना गया
Author: Jai Lok






