
अधिकारी बोले- एहतियाती उपायों को और मज़बूत किया आम लोगों में कोई घबराहट नहीं
जम्मू। पहलगाम में हुए आतंकी हमले की पहली बरसी से ठीक पहले भारतीय सेना ने देश और दुनिया को कड़ा संदेश दिया है। सेना ने एक्स पर अपनी पोस्ट के जरिए साफ कर दिया कि भारत अपने शहीदों और निर्दोष नागरिकों के खून की एक-एक बूंद का बदला लेना जानता है। सेना ने पोस्ट में कहा कि जब इंसानियत की हदें पार की जाती हैं, तो जवाब भी पक्का होता है। इंसाफ मिल गया है। भारत एकजुट होकर खड़ा है। बता दें यह हमला 22 अप्रैल, 2025 को अनंतनाग जि़ले के पहलगाम के पास बैसरन के मैदान में हुआ था। इस जगह को अक्सर मिनी स्विट्जऱलैंड भी कहा जाता है। आतंकवादियों ने सैलानियों को निशाना बनाया, जिसमें 25 सैलानियों के साथ-साथ एक टट्टू वाले की भी जान चली गई थी। इस घटना से पूरा देश हिल गया और इस इलाके में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी हो गई थीं। हमले के तुरंत बाद अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर जम्मू-कश्मीर के करीब 44 पर्यटन स्थलों को बंद कर दिया था। हालाँकि, ज़्यादातर जगहें अब फिर से खुल गई हैं, लेकिन बैसरन अभी भी सैलानियों के लिए बंद है। एक और मशहूर जगह, चंदनवारी भी अभी तक बंद है, और उसे फिर से खोलने का समय नहीं बताया गया है।






