
सीएम बोले- कैबिनेट में जल्द प्रस्ताव लाएंगे
सरकार पर 117 करोड़ का अतिरिक्त भार आएगा
भोपाल (जयलोक)। मध्यप्रदेश के शिक्षकों को चौथा क्रमोन्नति वेतनमान दिया जाएगा। सीएम डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में शुक्रवार को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में यह ऐलान किया है। सीएम ने कहा कि इससे 117 करोड़ का अतिरिक्त भार सरकार पर आएगा लेकिन इसमें भी हमें आनंद की अनुभूति होगी। सरकार शिक्षकों के लिए हमेशा बेहतर काम करेगी। भोपाल के प्रशासन अकादमी में चल रहे कार्यक्रम में सीएम यादव ने कहा- मध्यप्रदेश के सरकारी शिक्षक देश में मौजूद हर बोर्ड (सीबीएसई और आईसीएससी) को सीधी टक्कर दे रहे हैं। यही कारण है कि हमारे सरकारी स्कूलों के बच्चे देश में आयोजित होने वाली कठिन परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। शिक्षकों के लिए जल्द ही कैबिनेट में प्रस्ताव लाकर चौथा समयमान वेतनमान लागू किया जाएगा। समारोह में प्रदेशभर से चयनित 14 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इन्हें 25 हजार रुपए की सम्मान निधि, शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र दिए गए। कार्यक्रम के दौरान 55 लाख स्कूली छात्र-छात्राओं के खातों में 330 करोड़ रुपए यूनीफार्म के लिए ट्रांसफर किए गए। मुख्यमंत्री कहा- सरकार शिक्षकों के लिए हमेशा बेहतर काम करेगी।
जिनके 35 साल पूरे उनको ही लाभ
1 जुलाई 2023 को जिन शिक्षकों को सेवा में 35 साल पूरे हो गए हैं, ऐसे करीब 1.50 लाख प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों को इस फैसले का लाभ मिलेगा। इन शिक्षकों ने 35 साल की सेवा तो पूरी कर ली है, पर पदोन्नति की पात्रता नहीं है इसलिए क्रमोन्नति वेतनमान दिया जा रहा है। जब शिक्षक पदोन्नति की पात्रता रखता है तो उसे समयमान वेतनमान दिया जाता है। फिलहाल, चौथा वेतनमान शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मिल रहा था लेकिन शिक्षकों को नहीं। ऐसे में लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी।





