Download Our App

Home » News » प्रधानमंत्री ने अपना जीवन समाज और देश की सेवा के लिए समर्पित किया

प्रधानमंत्री ने अपना जीवन समाज और देश की सेवा के लिए समर्पित किया

पीएम मोदी के जन्मदिवस पर मंत्री राकेश सिंह, महापौर अन्नू, सांसद आशीष दुबे सहित विधायक हुए कार्यक्रम में शामिल

जबलपुर (जय लोक)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं उनके 25 वर्षों की अविरल सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में आज 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत रक्तदान शिविर का शुभारंभ आज घंटाघर के समीप स्थित गीता भवन में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत देश हमेशा ऐसे लोगों को स्मरण करता है, जिन्होंने समाज के लिए अपना जीवन समर्पित किया और समाज के निर्माण में अपना योगदान दिया। आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। उन्होंने अपने जीवन का लगभग पूरा समय समाज और देश की सेवा के लिए समर्पित किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीतिक जीवन में प्रवेश करने के पश्चात गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री के गरिमामय दायित्व तक की उनकी 25 वर्षों की सेवा यात्रा समाज और देश के लिए प्रेरणादायी है। उनके जीवन में सेवा का सर्वोच्च स्थान रहा है। श्री सिंह ने कहा कि ऐसे यशस्वी प्रधानमंत्री के जन्मदिन को मनाने का इससे अच्छा अवसर दूसरा नहीं हो सकता कि हम सेवा कार्यों के माध्यम से समाज और देश में अपना योगदान दें तथा उनके जन्मदिन को प्रेरणा के रूप में मनाएं। इसी भावना के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से सेवा कार्यों की शुरुआत की है। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पूरे समाज के व्यापक सहयोग से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन ऐसे अवसर के रूप में मनाया जाएगा, जो आने वाले समय में सेवा कार्यों के लिए जाना जाए और जिससे लोग प्रेरणा प्राप्त करें। उन्होंने रक्तदान शिविर में रक्तदान करने वाले सभी लोगों तथा सेवा कार्यों में सहयोग प्रदान करने वाले लोगों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

इन्होंने किया रक्दान
रक्तदान शिविर में जिले के नोडल अधिकारी एवं अपर मुख्य सचिव मनोज श्रीवास्तव, भाजपा महामंत्री रंजीत पटेल सहित बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिविर में जिला प्रशासन, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा विक्टोरिया अस्पताल, मेडिकल कॉलेज एवं एल्गिन अस्पताल की चिकित्सा टीमें मौजूद रहीं। उन्होंने रक्तदान शिविर में आवश्यक व्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं में सहयोग प्रदान किया।

ये रहे उपस्थित
जिसमें प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, लोकसभा सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, दिव्यांगजन प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संदीप रजक, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, जिले के नोडल अधिकारी एवं अपर मुख्य सचिव मनोज श्रीवास्तव, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर भाजपा महामंत्री पंकज दुबे, रंजीत पटेल, सोनू बचवानी, उपाध्यक्ष अभय सिंह ठाकुर श्री प्रणीत वर्मा तथा सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी भी उपस्थित रहे।

आज एक लाख दीपों से रोशन होगा गौरीघाट  
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में आज 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का शुभारंभ आज शाम 7 बजे प्रदेशभर में एक साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन से होगा। ग्वारीघाट में आज एक लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे, गौरीघाट में शाम 7 बजे दीप प्रज्ज्वलन शुरू होगा। आचार्यों और पंडितों के शंखनाद के बाद वैदिक मंत्रोच्चार तथा गायत्री मंत्र का पाठ होगा। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं, गायत्री परिवार सहित अन्य संगठन कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। लाभार्थियों और नागरिकों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की जाएगी। पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा लाभार्थियों के घर जाकर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के दौरान जिले में लाभ वितरण शिविर, स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता रैलियां सहित विभिन्न गतिविधियां होंगी। शासकीय योजनाओं से लाभान्वित होकर जीवन में बदलाव लाने वाले लोगों को भी चिन्हित किया जाएगा। गौरीघाट के अलावा प्रमुख एवं ऐतिहासिक स्थलों पर सजावट और दीप प्रज्ज्वलन होगा। प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं को दर्शाने वाली प्रतीकात्मक संरचनाओं पर भी दीप जलाए जाएंगे।

सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर आज से शुरू
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में आज से 1 अक्टूबर तक पखवाड़े भर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। अपर कलेक्टर रविशंकर राय ने कहा कि अभियान के दौरान मेडिकल कॉलेज, विक्टोरिया अस्पताल और ब्लॉक स्तरीय अस्पतालों में रक्तदान शिविर लगाए गए हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिविरों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि विक्टोरिया अस्पताल में रोटरी क्लब, इंडियन कॉफी हाउस और नगर निगम के कर्मचारी स्वैच्छिक रूप से रक्तदान कर सकते हैं। वहीं मेडिकल कॉलेज में ज्ञान गंगा कॉलेज, तक्षशिला कॉलेज, नचिकेता कॉलेज और जीएस कॉलेज के विद्यार्थी स्वेच्छा से रक्तदान में भाग लिया है। इसके अलावा रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, महाकौशल कॉलेज और साइंस कॉलेज में भी रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

 

ऑनलाइन सट्टे पर प्रतिबंध के बावजूद रोजाना 540 करोड़ का कारोबार?

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » News » प्रधानमंत्री ने अपना जीवन समाज और देश की सेवा के लिए समर्पित किया
error: Content is protected !!