
जबलपुर (जय लोक)। ट्रेनों में चोरी करने वाले शातिर चोरों को पकडऩे में जीआरपी को सफलता मिली है। पकड़े गए चोरों के पास से जीआरपी को दो लाख रूपये के सोने चांदी के जेवर मिले हैं। पकड़े गए चोरों ने जीआरपी और भी चोरी के मामलों में पूछताछ कर रही है।
जीआरपी की पूछताछ में चोरों ने यह कबूल किया है कि वे ट्रेनों में सो रहे यात्रियों को निशाना बनाते थे। आरोपी कई दिनों से स्टेशन में और ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते आ रहे हैं। जिनकी जीआरपी को कई दिनों से तलाश थी। जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई कि निगरानी शुदा बदमाश संजय उर्फ संजू मेश्राम उर्फ बंदर साई नगर काली मंदिर के पास मांडवा बस्ती रामपुर थाना गोरखपुर, चोरी का सामान बेचने की फिराक में है। मुखबिर सूचना पर तस्दीक की जाने पर संजय मराठा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जहां आरोपित ने अपने साथियों नित्तू उर्फ नीतेश, राजू उर्फ राजकुमार के साथ मिलकर फरियादी का मशरूका यात्रा के दौरान चोरी करना स्वीकार किया जिनसे सघन पूछताछ किये जाने पर 12 नग सोने के गुरिया, एक सोने का मंगलसूत्र का पैण्डल, सोने के टॉप्स, चांदी की बिछिया, फरियादी के कपड़े कुल कीमत 2,07,700 रुपये का मशरूका बरामद किया गया।

ट्रेनों में करते थे रैकी
चोरों ने ट्रेनों में चोरी करने के तरीके को भी बताया है। चोरों ने बताया कि वे पहले ट्रेनों में घूमघूमकर रैकी करते थे। जिस बर्थ पर यात्री गहरी नींद में सोया हुआ दिखता था उस पर नजर बनाए रखते थे। मौका मिलते ही उसका सामान लेकर रफूचक्कर हो जाते थे।

Author: Jai Lok






