
आवागमन में हो रही परेशानी, हादसे का बढ़ा खतरा
जबलपुर (जय लोक)। जिले में और आसपास के जिलों में हुई बारिश से बरगी बाँध लबालब हो गया है। जिसके जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए बरगी बाँध के गेट खोले गए हैं। पानी के बहाव से जहां आसपास रहने वाले लोग प्रभावित हो रहे हैं तो वहीं पानी के रास्ते में आने वाला पुल भी इससे प्रभावित हुआ है। पानी के बहाव से छोटे पुल की दीवार बह गई है।
बांध के 17 गेट एक साथ खुलने से निकली अथाह जलराशि के वेग ने सामने बने करीब 4 दशक पुराने छोटे पुल की चारदीवारी को पूरी तरह तोड़ दिया है। दीवार बहकर सडक़ पर आ गई जिससे दोनों तरफ के 4 पहिया वाहनों का आवागमन पूर्णत: थम गया है।

स्थानीय लोगों में नाराजगी
पुल की दीवार बहने से आवागमन में हो रही परेशानी को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने पुल की दुर्दशा को लेकर देखरेख में सवाल उठाया है। नागरिकों का कहना है कि समय पर विभागीय स्तर पर उचित मरम्मत न होने के कारण ही आज यह गंभीर नौबत आई है। यह ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को जोडऩे वाला एक महत्वपूर्ण और इकलौता साधन है जिस पर सैकड़ों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी निर्भर करती है। लंबे समय से इस ढांचे की अनदेखी की जा रही थी। जलस्तर कम होने के बाद जब लोग वहां पहुंचे तो यह खौफनाक नजारा देखकर हैरान रह गए। यदि यह मुख्य ढांचा पूरी तरह से गिर जाता है, तो लोगों के सामने आवश्यक कार्यों के लिए परिवहन का एक बहुत बड़ा और विकराल संकट खड़ा हो जाएगा।

हादसे का खतरा मंडराया
नागरिकों ने पुल का मरम्मत ना होने से बड़ा हादसा होने की आशंका जाहिर की है। लोगों का कहना है कि सुरक्षा दीवारों के अभाव में लोग अपनी जान जोखिम में डालकर पैदल या छोटे वाहनों से उस पार जाने का प्रयास कर सकते हैं, जो किसी भी पल जानलेवा साबित हो सकता है। रात के अंधेरे में यह पुल वाहन चालकों के लिए खतरा बन सकता है।

Author: Jai Lok






