
ग्वालियर। बिना विशेषज्ञता वाली डिग्री के सात साल तक मासूम बच्चे की त्वचा और बालों का इलाज करने वाले डॉक्टर पर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने शिंदे की छावनी स्थित क्लीनिक के संचालक डॉ. कुलदीप सक्सेना को अनुचित व्यापार व्यवहार का दोषी ठहराते हुए पीडि़त परिवार को 2 लाख 22 हजार रुपये हर्जाना देने का आदेश दिया है। बिना किसी विशेषज्ञता के फर्जी तरीके से इलाज करने और समय पर मरीज को बड़े अस्पताल में रेफर न करने के कारण आयोग ने यह कार्रवाई की है। लगातार गलत दवाइयों के सेवन से बच्चे के सिर के सारे बाल झड़ गए और उसकी आंखों में भेंगापन आ गया।

गलत इलाज से बिगड़ी बच्चे की स्थिति – घासमंडी निवासी मोनू राठौर वर्ष 2018 में अपने बेटे के सिर में बाल न होने की समस्या लेकर डॉक्टर के पास गए थे। चिकित्सक ने बच्चे की जांच के बाद परिजनों को आश्वासन दिया और हर बार छह-छह महीने की दवाइयां देना शुरू कर दिया। यह सिलसिला वर्ष 2018 से 2025 तक लगातार सात साल तक चलता रहा। लंबा समय बीत जाने के बाद भी बच्चे की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। दवाइयों के लगातार सेवन से बच्चे के सिर पर बचे हुए बाल भी पूरी तरह झड़ गए। दवाइयों के दुष्प्रभाव से बच्चे की आंखों की रोशनी बेहद कमजोर हो गई और उसकी आंखों में भेंगापन आ गया। मासूम की सेहत लगातार बिगड़ती गई लेकिन चिकित्सक मरीज को विशेषज्ञ के पास भेजने की बजाय खुद ही दवाइयां बदलता रहा।

सूचना के अधिकार से खुला डिग्री का सच – बच्चे की आंखें और सिर की स्थिति अत्यधिक खराब होने पर पिता ने चिकित्सक से उनकी विशेषज्ञता संबंधी डिग्री के बारे में जानकारी मांगी। परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने योग्यता पर सवाल उठाया तो क्लीनिक परिसर में उनके साथ दुव्र्यवहार किया गया। इसके बाद बच्चे के पिता ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में सूचना के अधिकार के तहत आवेदन दिया। आरटीआई से प्राप्त जानकारी में यह बड़ा खुलासा हुआ कि डॉ. कुलदीप सक्सेना के पास त्वचा रोग यानी डर्मेटोलॉजी से संबंधित कोई वैध डिग्री या डिप्लोमा उपलब्ध नहीं है।





