
पूर्णिया। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को अलग अलग दो-दो गैंगस्टरों ने धमकी दी है। सांसद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गों ने धमाकाया है। कहा कि टीआरपी कमाने के चक्कर में न पड़ो, वरना रेस्ट इन पीस कर देंगे। बता दें कि इसी गैंग ने मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की भी जिम्मेदारी ली थी। बाबा सिद्दकी की हत्या के बाद पप्पू यादव ने लॉरेंस बिश्नोई को चुनौती दी थी। कहा था कि अगर कानून अनुमति दे तो मैं 24 घंटे में इस दो टके के अपराधी के पूरे नेटवर्क को खत्म कर दूंगा। इस घटना के करीब 13 दिन बाद अब पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी मिली है। पप्पू यादव ने फोन नहीं उठाया सांसद पप्पू यादव ने पूर्णिया रेंज के डीआईजी, एसपी के अलावा डीजीपी को भी शिकायत की है। पप्पू यादव को फोन करने वाले लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे ने कहा कि सांसद के सभी ठिकानों की जानकारी उसके भाई के पास है। यही नहीं जेल में रहने के दौरान जैमर बंद करके उसने पप्पू यादव को वीडियो कॉल भी किया था, लेकिन पप्पू यादव ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद से कुछ ऑडियो वायरल हो रहे हैं। इसमें एक शख्स पहले पप्पू यादव को बड़े भाई कहकर संबोधित कर रहा। उनकी तारीफ कर रहा। इसके बाद दूसरे ऑडियो में पप्पू यादव को अपशब्द कह रहा। शख्स ने कहा कि भाई ने जेल से जैमर बंद करवा कर वीडियो कॉल किया था। लेकिन, तुमने नहीं उठाया। यह गलत किया। इसका अंजाम भुगतना होगा।






