
हीरा स्वीट्स से भी लिए गए सैंपल
जबलपुर (जयलोक)। त्योहारों के मौके पर मिलावाटखोर चंद मुनाफे के लिए खाद्य पदार्थों में जमकर मिलावाटखोरी कर रहे हैं। कहीं गंदगी में मिष्ठान सामग्री बनाई जा रही है तो कहीं खाद्य पदार्थ ही दूषित है। जिसको देखते हुए खाद्य विभाग भी ऐसे प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर कार्रवाही कर रहा है। इसी तरह की एक कार्रवाही बीकानेर स्वीट्स और हीरा स्वीट्स पर की गई। जहां खाद्य विभाग के अधिकारियों ने दोनों जगह खाद्य सामग्री के नमूने लिए और जाँच के लिए लैब भेजे। मंगलवार को कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम गगन बिसेन के नेतृत्व में राजस्व और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया। जांच टीम ने सबसे पहले साउथ सिविल लाइन स्थित बीकानेर वाला स्वीट्स रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। अधिकारियों को किचन और स्टोर रूम में साफ-सफाई का अभाव मिला। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच के लिए टीम ने ब्लेंडेड चीज, खोवा बर्फी और बूंदी के लड्डू के नमूने एकत्रित किए। इसके बाद टीम बिलहरी स्थित बीकानेर स्वीट्स के कारखाने पहुंची। यहां जांच के दौरान बड़ी मात्रा में फफूंद लगे बादाम और अंजीर पाए गए। अधिकारियों के अनुसार, कारखाने में बची हुई और पुरानी मिठाइयों को दोबारा संसाधित कर नई मिठाइयां बनाने की प्रक्रिया भी सामने आई। टीम ने मौके पर लगभग 20 किलोग्राम दूषित मिठाइयां और खराब ड्राई फू्रट्स नष्ट करवाए। कारखाने में रखे मावा और डोडा बर्फी के नमूने भी जांच के लिए लिए गए। इसके अलावा, स्वच्छता संबंधी नियमों के उल्लंघन पर संबंधित विके्रता को खाद्य सुरक्षा कानून की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बिलहरी स्थित हीरा स्वीट्स का भी निरीक्षण किया। यहां से नमकीन और केसर पेड़ा के नमूने संग्रहित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राज्यसभा उपचुनाव: भाजपा ने मध्य प्रदेश से हरदीप सिंह पुरी को बनाया उम्मीदवार




