Download Our App

Home » Uncategorized » भाजपा में अब सिफारिश नहीं प्रदर्शन से तय होगा पद

भाजपा में अब सिफारिश नहीं प्रदर्शन से तय होगा पद

निष्क्रिय पदाधिकारियों की घटेगी ग्रेडिंग,19 नवंबर को शिवप्रकाश लेंगे संगठन की अहम बैठक
खाली पदों पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बनेगी पैमाना, प्रदेश टीम में भी हो सकता है फेरबदल
भोपाल (जयलोक)। मध्यप्रदेश भाजपा में संगठनात्मक पदों पर कब्जे को लेकर चल रही नेताओं की खींचतान अब पदाधिकारियों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है। अब तक स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों की सिफारिशों के बीच अटकी नियुक्तियों पर पार्टी नेतृत्व ने अपना रुख सख्त कर लिया है। संगठन में पद पाने के लिए राजनीतिक रसूख से ज्यादा कार्यकर्ताओं की सक्रियता और कामकाज को महत्व देने की तैयारी है। जिन जिलों में लंबे समय से संगठन की कार्यकारिणी अधूरी है, वहां के जिम्मेदार पदाधिकारियों की ग्रेडिंग भी घटाई जा सकती है। इस पूरी कवायद के केंद्र में राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश हैं। वे 19 नवंबर को भोपाल में संगठन की महत्वपूर्ण बैठक लेंगे। नई राष्ट्रीय टीम के गठन के बाद मध्यप्रदेश में उनकी यह पहली बड़ी संगठनात्मक बैठक होगी। इसमें जिला अध्यक्षों, जिला और संभागीय प्रभारियों तथा मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा होगी। माना जा रहा है कि जिन इकाइयों ने अब तक नियुक्तियां पूरी नहीं की हैं, उन्हें अंतिम समयसीमा दी जा सकती है। भाजपा की प्रदेश से लेकर जिला इकाइयों तक कई पद खाली पड़े हैं। जिला अध्यक्षों और संगठन के जिम्मेदारों को कई बार कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देव भी नियुक्तियों के लिए समयसीमा तय कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद मामला आगे नहीं बढ़ पाया। दरअसल, स्थानीय स्तर पर एक पद के लिए कई दावेदार सामने आ रहे हैं। वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और दूसरे जनप्रतिनिधियों की ओर से अपने समर्थकों को पद दिलाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। कई जगह एक पद के लिए आधा दर्जन तक नाम सामने आने से सहमति नहीं बन पा रही है। नतीजा यह है कि संगठन की गतिविधियों के लिए जरूरी पद खाली हैं और जिला इकाइयां अपनी पूरी टीम के साथ काम नहीं कर पा रही हैं। अब पार्टी नेतृत्व इस स्थिति को संगठनात्मक कमजोरी के रूप में देख रहा है। दिल्ली तक शिकायतें पहुंचने के बाद सामंजस्य बनाने के निर्देश दिए गए, लेकिन जब स्थानीय स्तर पर समाधान नहीं निकला तो शिवप्रकाश को हस्तक्षेप की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अब नेताओं की पसंद नहीं, कार्यकर्ताओं का रिपोर्ट कार्ड चलेगा
संगठन में नियुक्तियों को लेकर सबसे बड़ा बदलाव चयन के मापदंडों में हो सकता है। पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश संगठन को संकेत दिया है कि पदाधिकारियों के नाम केवल किसी वरिष्ठ नेता या जनप्रतिनिधि की सिफारिश पर तय नहीं किए जाएं। इसके बजाय ऐसे कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाए, जो लगातार संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय रहते हैं और पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाते हैं। इस व्यवस्था में कार्यकर्ताओं की संगठन के प्रति प्रतिबद्धता, कार्यक्रमों में भागीदारी और जमीनी सक्रियता को महत्व मिलेगा। यानी अब केवल बड़े नेताओं की नजदीकी संगठन में पद पाने की गारंटी नहीं होगी। इससे उन कार्यकर्ताओं को मौका मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन राजनीतिक सिफारिशों के अभाव में जिम्मेदारी से दूर हैं।
ग्रेडिंग घटेगी, निष्क्रिय पदाधिकारियों पर भी गिरेगी गाज
19 नवंबर की बैठक में केवल खाली पदों पर नियुक्तियों की चर्चा नहीं होगी, बल्कि मौजूदा पदाधिकारियों के प्रदर्शन का भी आकलन किया जा सकता है। प्रदेश संगठन उन पदाधिकारियों को बदलने पर विचार कर सकता है, जिनकी कार्यक्षमता और सक्रियता अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। खासकर उन जिलों के अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और संभागीय प्रभारियों की ग्रेडिंग प्रभावित हो सकती है, जहां लंबे समय से संगठनात्मक नियुक्तियां लंबित हैं। पार्टी नेतृत्व यह देखना चाहता है कि जिम्मेदारी मिलने के बाद संबंधित पदाधिकारियों ने संगठन को कितना मजबूत किया और निर्धारित काम कितने पूरे किए। प्रदेश भाजपा की टीम में भी कुछ नए चेहरे शामिल किए जाने की संभावना है। वहीं, कुछ जिलों में अध्यक्षों से लेकर अन्य पदाधिकारियों तक बदलाव हो सकते हैं।
राजनीतिक नियुक्तियों पर भी शिव प्रकाश की नजर
शिव प्रकाश के भोपाल प्रवास में सरकारी संस्थाओं और निगम-मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियों का मुद्दा भी उठ सकता है। इन पदों पर नियुक्तियां लंबे समय से प्रतीक्षित हैं। वरिष्ठ नेताओं की ओर से अपने समर्थकों को एडजस्ट कराने की कोशिशों के कारण यहां भी सहमति नहीं बन पा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पिछले दिनों दिल्ली प्रवास के दौरान वरिष्ठ नेतृत्व के सामने इस स्थिति को रख चुके हैं। इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व ने मामले पर संज्ञान लिया है। ऐसे में शिवप्रकाश की बैठक में संगठनात्मक नियुक्तियों के साथ राजनीतिक नियुक्तियों पर चर्चा होने की संभावना है।

 

जेनजी को साधने युवाओं के बीच भाजयुमो करवाएगी निबंध प्रतियोगिता

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » Uncategorized » भाजपा में अब सिफारिश नहीं प्रदर्शन से तय होगा पद

Top Headlines

हवाला कांड में छूकर निकल गई थी मुसीबत इस बार फँस गई एएसपी सहित उनकी वसूली फौज!

एएसपी दीपक मिश्रा एसडीओपी,  टीआईसहित 6 पुलिस कर्मचारी निलंबित! चार को आईजी जबलपुर ने निलंबित कर दो अधिकारियों की कार्यवाही

Live Cricket

error: Content is protected !!