
भोपाल (जयलोक)। मध्य प्रदेश में मानसून का जोर लगातार बना हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में मूसलधार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगह बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिन तक भारी से अति भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान 24 घंटे में 4 से 8 इंच तक वर्षा होने की संभावना है। बुधवार के लिए श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, सागर और टीकमगढ़ में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, दमोह, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, आगर-मालवा, उज्जैन, इंदौर, धार, झाबुआ, नीमच और मंदसौर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा भोपाल समेत कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।
पन्ना-छतरपुर में बिगड़े हालात- लगातार बारिश के कारण पन्ना, छतरपुर और खंडवा सहित कई जिलों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। खजुराहो में कई संपर्क मार्ग बंद हो गए, जबकि नदियों का जलस्तर बढऩे से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।
29 जिलों में हुई बारिश- मंगलवार को प्रदेश के 29 जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक करीब पौने दो इंच बारिश खजुराहो में हुई। धार में डेढ़ इंच से ज्यादा, राजगढ़ में सवा इंच, रतलाम और उज्जैन में करीब पौन इंच, जबकि भोपाल, सागर और खरगोन में लगभग आधा इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई। सतना, सीधी, टीकमगढ़, बालाघाट, बैतूल, गुना, नर्मदापुरम, इंदौर, खंडवा, रायसेन, छिंदवाड़ा, दमोह, शाजापुर, सीहोर, विदिशा, जबलपुर, नौगांव, आगर-मालवा, मंदसौर, झाबुआ, पन्ना और हरदा समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई।
युवक ने कहा थाने में बंद कर 70 डंडे मारे!, पुलिस ने कहा झूठे हैं आरोप
Author: Jai Lok






