
163 आने थे आये सिर्फ 83, सफाई कर्मियों की संख्या शत प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश
जबलपुर (जय लोक)। आज सुबह महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एक बार फिर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सुबह से मैदान में नजर आए। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार और पूरी स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ उन्होंने कई स्थानों पर जाकर व्यवस्थाओं को देखा। आज सुबह संभाग क्रमांक 10 में सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति का औचक निरीक्षण करने के लिए महापौर श्री अन्नू नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार, अपरआयुक्त, उपायुक्त एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक पूरी टीम के साथ पहुँचे।

बदनाम ठेकेदार के कार्य पर रहेगी कड़ी निगरानी
संभाग क्रमांक 10 की सफाई व्यवस्था का कार्य बर्फानी सर्विसेज के पास है जो कि नगर निगम के इतिहास में सबसे बदनाम सफाई ठेकेदार है। अधिकारियों की इन संभागों के अंतर्गत आने वाले वार्डों की सफाई व्यवस्था पर विशेष तौर पर नजर रहेगी।
आज भी निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि उक्त संभाग में कुल 163 सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति होना थी लेकिन 83 सफाई कर्मचारी ही मौके पर पाए गए। सत्यापन परेड के दौरान यह पाया गया की 83 कर्मचारियों की उपस्थिति ही रजिस्टर्ड में दर्ज है।
महापौर एवं आयुक्त ने सफाई ठेकेदार को हिदायत दी है कि सफाई कर्मचारियों की स्वीकृत संख्या के अनुसार उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करायें ताकि सफाई व्यवस्था के कार्य में किसी प्रकार का कोई व्यवधान उत्पन्न ना हो और पर्याप्त मात्रा में सफाई कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र को साफ रख सकें।

अक्सर होंगे ऐसे निरीक्षण
महापौर श्री अन्नू ने जय लोक से चर्चा करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छता में नंबर वन बनाने के लिए हम लोग हर स्तर पर पूरे प्रयास कर रहे हैं। जबलपुर के गणमान्य नागरिक भी जागरूक हो रहे हैं और साफ सफाई व्यवस्था के प्रति सकारात्मक सहयोग प्रदान कर रहे हैं। महापौर ने कहा कि ऐसे औचक निरीक्षण आए दिन होते रहेंगे। ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश ना रहे।
किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी – आयुक्त अहिरवार
आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने कहा है कि सफाई व्यवस्था में शहर के किसी भी क्षेत्र में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी को अपनी जिम्मेदारियां का पूर्ण निर्वहन करना होगा। नगर निगम के अधिकारी समय-समय पर उपस्थिति की जाँच करते रहेंगे और अनियमिताएं पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
अंजुमन स्कूल की जुम्मे की छुट्टी रद्द कराने वाले भाजपा नेता को धमकी





