
बाल-बाल बचे दो युवक, आरोपी फरार
जबलपुर (जय लोक)। बीती रात संजीवनी नगर और गढ़ा थाना अंतर्गत पुरानी रंजिश का बदला लेने की नियत से बदमाशों ने युवकों पर गोलियाँ चलाईं। इस हमले में कोई घायल तो नहीं हुआ, लेकिन एक ही रात में दो जगहों पर हुए गोलीकांड से दहशत फैल गई। हालांकि एक मामले में पुलिस को शिकायतकर्ता के बयानों पर ही संदेह है। जबकि गढ़ा में चलाई गई गोली के साक्ष्य पुलिस को मिले हैं। अब पुलिस दोनों ही मामलों की जाँच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।

सडक़ पर नाच रहे युवक से विवाद के बाद चली गोली
संजीवनी नगर थाना अंतर्गत देर रात एक बदमाश ने युवक पर फायरिंग करते हुए दहशत फैला दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। वहीं पीडि़त ने इसकी शिकायत संजीवनी नगर थाने में दर्ज कराई है। सूचना मिलते ही पहुँची पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
संजीवनी नगर थाना प्रभारी बीडी द्विवेदी ने बताया कि चंदन कॉलोनी में रहने वाले शुभम झारिया ने शिकायत दर्ज कराई कि देर रात वह अपने दोस्तों के साथ सडक़ पर नाच रहा था, तभी मोहल्ले में रहने वाला इंगेस रजक कार से आया और उसे सडक़ पर नाचने से मना किया। जिसके बाद दोनों ओर से विवाद हुआ। विवाद बढ़ा और इंगेस ने घर से पिस्तौल लाकर उस पर फायरिंग कर दी। शुभम ने बचने के लिए अपना सिर झुका लिया और गोली उसके घर की दीवाल से टकरा गई। वारदात के बाद गाली गलौच करते हुए इंगेस घटना स्थल से चला गया। वहीं पुलिस ने जब जाँच की तो पुलिस को घटना स्थल से गोली चलने के सबूत नहीं मिले। पुलिस शिकायतकर्ता के बयान को संदिग्ध मान रही है। वहीं पुलिस अब इंगेस की भी तलाश कर रही है। ताकि उससे पूछताछ के बाद मामले में अन्य जानकारियाँ भी मिल सकें।

पुराना हो सकता है विवाद
थाना प्रभारी का मानना है कि शुभम और इंगेस के बीच पुराना विवाद हो सकता है। हालांकि शुभम ने गोली चलाने की बात कही है वह सहीं नहीं लग रही। वहीं पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि गोली चलने की पुष्टि हो सके। हालांकि अब तक किसी ने यह नहीं कहा है कि उसने गोली चलने की आवाजें सुनी हैं।


महिला दोस्त के साथ आया और युवक पर चलाई गोली
गढ़ा थाना अंतर्गत लाल बिल्डिंग के पास एक युवक ने पुरानी रंजिश का बदला लेने की नियत से महिला मित्र के साथ आया और एक युवक पर फायरिंग की। वहीं आरोपी धमकी देते हुए भाग निकला। गोली चलने से घबराया हुआ युवक गढ़ा थाना पहुँचा और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि शिकायतकर्ता अंकित लखेरा ने शिकायत में बताया कि वह पार्सल डिलवेरी का काम करता है। कल रात को वह घर जा रहा था तभी लाल बिल्डिंग के पास रहने वाला करन विश्वकर्मा अपनी महिला मित्र के साथ आया और पुरानी रंजिश को लेकर गाली गलौच करते हुए उस पर फायरिंग की। इस दौरान उसकी महिला मित्र पास ही स्कूटी पकडक़र खड़ी थी।
दोस्त से हुए विवाद पर चलाई गोली
शिकायतकर्ता का कहना है कि करन विश्वकर्मा का सूपाताल निवासी अंबर से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है। करन को आशंका है कि वह उसकी जानकारी अंबर को देता है। इसी बात से नाराज होकर करन उससे रंजिश रखने लगा।
दो राउंड फायरिंग
सूचना मिलते ही पहुँची पुलिस को यहाँ गोली चलने के साक्ष्य भी मिले हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि उस पर दो राउंड फायरिंग की गई। वहीं अब पुलिस करन की तलाश में जुटी हुई है।
Author: Jai Lok






