
रिकॉर्ड मैराथन बैठकर कर हर समाज, हर वर्ग को इस अभियान से जोड़ा जा रहा है
जबलपुर (जयलोक)। लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ अभियान के तहत कल 2 नवंबर को जबलपुर में होने वाली विशाल पदयात्रा में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल शामिल होने जा रहे हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य को लेकर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
विगत तीन दिनों से रिकॉर्ड मैराथन बैठक कर उन्होंने हर वर्ग हर और समाज के लोगों को ना सिर्फ अभियान का उद्देश्य बताया बल्कि उन्हें अभियान में जोडऩे में भी सफलता पाई है। मंत्री राकेश सिंह ने जिनसे भी संवाद किया है वे सभी इस यात्रा में शामिल होने के लिए आश्वस्त कर चुके हैं।
इस विशाल पदयात्रा में जबलपुर के हर वर्ग के नागरिक, प्रबुद्धजन और आमजन बड़ी संख्या में शामिल हों इसके भरसक प्रयास किये जा रहे हैं। इसमें सभी की सहभागिता हो और देश के विपक्षी दलों द्वारा फैलाई जा रही अराजकता के विरोध में सभी को एकत्रित होकर देश की एकता और लोकतंत्र की रक्षा का संदेश दिया जा सके, इसके लिए बड़े प्रयास होंगे। मंत्री राकेश सिंह विगत दो-तीन दिनों से जबलपुर में ही लगातार प्रवास किए हुए हैं और इस बड़े आयोजन को सफल बनाने में स्वयं ही मोर्चा संभाले हुए हैं। स्थानीय होटलों एवं अन्य स्थानों पर सुबह 11 बजे से प्रारंभ होने वाला मैराथन बैठकों का क्रम देर शाम तक चलता रहा है और कई सत्रों में अलग-अलग वर्ग और समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई है।
बैठकों को संबोधित करते हुए मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि देश में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्षी दल हायतौबा मचा रहे हैं लेकिन यह जानना सभी के लिए महत्वपूर्ण है कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है।उल्लेखनीय है कि आगामी 2 नवम्बर को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल की गरिमामयी उपस्थिति में शहीद स्मारक गोलबाजार से विशाल पद यात्रा निकाली जाएगी, इस यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में हर वर्ग से लोग शामिल हो इस हेतु मंत्री श्री सिंह ने निजी विद्यालयों, कोचिंग संचालकों, महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं उप प्राचार्यों, खेल संगठनों, सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारियों के संगठनों, आग्रह फाउंडेशन, हाईकोर्ट एवं डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, कॉफी हाउस के पदाधिकारियों, आईएमए एसोसिएशन, होटल, हॉस्पिटल एसोसिएशन, बिल्डर्स एसोसिएशन, टैक्स बार एसोसिएशन, सी.ए. बार एसोसिएशन, कैट और जीतो संस्था एवं ऑटोमोबाईल एसोसिएशन, सामाजिक संगठनों, एवं पश्चिम विधानसभा के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर पदयात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।





