
सवा घंटा जिला संगठन से लेकर 18 मंडल के पदाधिकारियों से मुख्यमंत्री ने की मुलाकात
जबलपुर (जयलोक)। संगठन में मजबूती की दिशा में नवाचार होते रहना चाहिए और यही नवाचार समय-समय पर संगठन के कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्रदान करने का कार्य करते हैं। यही परिदृश्य कल भाजपा के संभागीय कार्यालय में नजर आया जब प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव केवल संगठन के पदाधिकारियों के बीच लंबा समय व्यतीत करते नजर आए। इस पूरी मेल मुलाकात की रूपरेखा और नवाचार की अवधारणा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने तैयार की। संगठन के वरिष्ठों से कार्यक्रम की स्वीकृति प्राप्त कर एक ऊर्जात्मक कार्यक्रम अपने संगठन के पदाधिकारियों को समर्पित किया। संगठन के कार्यों को प्राथमिकता देने वाले प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी सहर्ष इस कार्यक्रम में अपनी खुले दिल से सहभागिता दर्ज करवाई और जिले स्तर के संगठन पदाधिकारियों से लेकर पार्षदों के साथ ही 18 मंडल के पदाधिकारियों से एक साथ मुलाकात की, उनके हाल चाल जाने और उनके साथ तस्वीर भी खिंचवाई।
सामान्य रूप से पार्टी के कार्यक्रमों को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले संगठन के पदाधिकारियों के लिए ऐसे अवसर कम ही आते हैं जब प्रदेश का मुखिया उनके बीच सहज भाव से उपस्थित हो और उन्हें बिना किसी धक्का मुक्की के सम्मानजनक रूप से उनके बाजू में स्थान प्राप्त कर फोटो खिंचवाने का अवसर प्राप्त हो। ऐसे क्षण जीवन में हमेशा यादगार रहते हैं और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं में अधिक ऊर्जा से कार्य करने की प्रेरणा का संचार करते हैं।

भाजपा के नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर का भी यही उद्देश्य था कि भाजपा ने संगठन के संदेश और उनके विचारों को संगठन के अंतिम पायदान तक के पदाधिकारी और उनके माध्यम से अन्य कार्यकर्ताओं तक स्पष्ट रूप से पहुंचाया जाएं ताकि वे और अधिक ऊर्जा के साथ संगठन के कार्यों को धरातल पर उतारने के कार्य में सक्रिय रहें। कई सालों बाद यह अवसर आया है जब जिला संगठन ने प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री डॉ यादव का लंबा समय सिर्फ अपने संगठन के पदाधिकारियों के लिए आरक्षित करवाया और उन्हें वन टू वन मुलाकात का अवसर दिलवा कर पार्टी कार्यकर्ताओं के रूप में उनका सम्मान भी बढ़ाया और उनके पदों के प्रति नई ऊर्जा के साथ जिम्मेदारी निर्वहन करने की प्रेरणा भी दिलवाई।

23 से 6 तक के कार्यक्रम निर्धारित
भाजपा संगठन ने आने वाली 23 जून से लेकर 6 जुलाई तक जिले स्तर से लेकर बूथ की टोली तक होने वाले कार्यक्रम निर्धारित कर सभी जिलों को प्रेषित कर दिए हैं। इस पखवाड़े में डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृति में कार्यक्रम आयोजित होंगे ,मीसाबंदियों की याद में काला दिवस मनाया जाएगा। कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया, आई टी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन भी किया जाना है जिसमें पदाधिकारी भी शामिल होंगे।


Author: Jai Lok






