
खुद को पाकिस्तानी कहने वाले युवक को राँझी पुलिस ने पकड़ा, अटारी बॉर्डर से भारत आने का दावा
जबलपुर (जयलोक)। वाहन निर्माणी के पास मिले एक संदिग्ध युवक को देखकर हडक़ंप की स्थिति निर्मित हो गई। युवक को पकडक़र जब उसके बारे में जानकारी हासिल की गई तो उसने खुद को पाकिस्तानी बताया। जिसके बाद सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और पाकिस्तानी कहने वाले युवक को पकड़ा। युवक से पूछताछ की गई तो प्रथम दृष्टया उसने खुद को उत्तरप्रदेश का रहने वाला बताया था। पुलिस ने आरोपी के बताए पते और नाम की तस्दीक की। पुलिस ने पाया कि पकड़ा गया व्यक्ति उत्तरप्रदेश का रहने वाला है, जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। पुलिस ने उसके परिजनों से सपंर्क किया है, वे उसे लेने आ रहे हैं।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि आज सुबह सूचना मिली कि शोभापुर के पास एक युवक को देखा गया है जिसकी स्थिति संदिग्ध लग रही है। सूचना मिलते ही मौके पर जाकर युवक को पकड़ा गया और थाने लाया गया। लेकिन इस खबर से रांझी में हडक़ंप मच गया। शुरूआत में तो उसे घुसपैठिया समझा जा रहा था जो अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ है। लेकिन जब थाने लाकर उससे पूछताछ की गई तो मामला कुछ और ही निकला।

उत्तर प्रदेश का रहने वाला है युवक
रांझी थाना प्रभारी श्री गोल्हानी ने बताया कि थाने लाकर जब युवक से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम शिवम पाठक बताया जो उत्तर प्रदेश के गौसगंज का रहने वाला है। युवक ने अपने परिवार के बारे में भी जानकारी दी। जिनसे फोन पर बात की गई और उन्हें शहर बुलाया गया है।

मानसिक स्थिति भी संदिग्ध
पुलिस पूछताछ के दौरान युवक का व्यवहार सामान्य नहीं दिखाई दे रहा है। पुलिस को प्रथम दृष्टया उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ अथवा विक्षिप्त होने की आशंका भी नजर आ रही है। इसी वजह से पुलिस उसके द्वारा दी जा रही जानकारी को विभिन्न स्तरों पर सत्यापित कर रही है। पूछताछ में युवक कथित तौर पर अटारी बॉर्डर से भारत में प्रवेश करने की बात कह रहा है।
पांच बार भाग चुका घर से
इस मामले में जब पुलिस ने युवक के परिवार वालों से फोन पर बात की तो पता चला कि युवक शिक्षित है लेकिन मानसिक बीमार है। वह पहले भी पाँच बार घर से भाग चुका है। इसके पूर्व पहले परिवार वाले उसे खोजकर राजस्थान से लेकर घर आए थे लेकिन अब वह जबलपुर आ गया।





