
कछियाना इलाके की घटना
जबलपुर (जयलोक)। लार्डगंज थाना अंतर्गत कछियाना में बीती रात मामूली सी बात को लेकर बदमाशों ने एक युवक पर पहले तो चाकू से प्राणघातक हमला किया फिर उसके पैर में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवा में गोलियां चलाते हुए और इलाके में खौफ फैलाते हुए मौके से फरार हो गए। वहीं घायल को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका आज ऑपरेशन कर घुटने में फंसी गोली निकाली जाएगी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने भी मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना रात 11.30 बजे की बताई जा रही है। घायल तरुण मिर्गे ने पुलिस को बताया कि वह देर रात कछियाना इलाके में था और अपने घर जा रहा था। तभी रास्ते में कुछ बदमाश मिले जो शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे।
तरुण ने पैसे देने से इंकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस बीच आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर लहुलुहान कर दिया। आरोपियों का मन जब इससे भी नहीं भरा तो उन्होंने तरुण पर गोली चला दी जिससे एक गोली तरुण के घुटने में फंस गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग भी की है।

आज निकाली जाएगी गोली
तरुण के घुटने में फंसी गोली को निकालने के लिए आज चिकित्सकों द्वारा उसका ऑपरेशन किया जाएगा। चिकित्सकों के मुताबिक गोली पैर के घुटने में फंसी है। शाम तक उसका ऑपरेशन पूरा हो जाएगा। चिकित्सक पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
आरोपियों को तलाशने सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
आरोपियों की शिनाख्त ना होने से उन तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। पुलिस की शिनाख्तगी के लिए पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस आरोपियों की लोकेशन तलाशने के लिए आरोपी जिस ओर भागे हैं उन रास्तों के सीसीटीवी फुटेज भी देख रही है।





