
जय लोक की खबर के बाद सख्त हुआ प्रशासन
यातायात अवरोध करने वालों के खिलाफ दर्ज होनी चाहिए एफआईआर
जबलपुर (जय लोक)। संस्कारधानी के सभी जनप्रतिनिधि अधिकारियों के साथ मिलकर नगर को सुंदर स्वरूप देने की जद्दोजहद में लगे रहते हैं। शहर का बुद्धिजीवी वर्ग भी अपने जबलपुर को साफ स्वच्छ सुंदर बनाने के पक्ष में हमेशा सक्रिय नजर आता है। लेकिन कुछ छुटभैया नेता अपनी हल्की राजनीति चमकाने के चक्कर में यातायात नियमों के साथ खिलवाड़ तो करते ही है इसके साथ ही वह ऐसे कार्य करते हैं कि किसी का जन्मदिन किसी के लिए मरण दिन बन सकता है।
कल रानीताल चौक पर इसी प्रजाति के कुछ नेताओं ने अपने जन्मदिन का ढिंढोरा पीटने के लिए तकरीबन 15 फुट हाइट के फ्लेक्स का बॉक्स बनाकर बीच चौराहे पर जबरदस्ती खड़ा कर दिया। यह इतना अधिक अव्यवस्थित था कि विपरीत दिशा से आने जाने वाले लोग वाहन चालक एक दूसरे को देख नहीं पा रहे थे जिसके कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी बताया कि कुछ दो पहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हुए। आपस में भिड़े कुछ लोगों को चोटें भी आईं और हर कोई प्रशासन की अनदेखी और हल्की नेतागिरी को गाली बकता हुआ अपना आक्रोश जाहिर करता हुए निकल गया।
यह खबर जय लोक ने प्रमुखता से प्रकाशित की। देर शाम प्रकाशित इस खबर के बाद प्रशासनिक अमला हरकत में आया और रातों-रात छुटभैया नेता ने फ्लेक्स के डब्बे को वहां से हटाया गया। लेकिन बेशर्म नेतागिरी का चस्का लिए गैरजिम्मेदाराना लोगों ने चौराहे पर रखे पुलिस के बैरिकेट पर कब्जा जमाते हुए उस पर ही अपने फ्लेक्स बांध दिए जैसे पुलिस की संपत्ति इन छुटभैया नेताओं की प्रचार सामग्री का जरिया बन गई है।
इस घटनाक्रम के बाद से सडक़ दुर्घटना के शिकार हुए दो पहिया वाहन चालकों ने इस बात की भी मांग उठाई कि ऐसे लोगों के खिलाफ यातायात को अवरुद्ध कर दूसरों की जान को खतरे में डालने के कृत्य के लिए पुलिस को एफआईआर भी दर्ज करनी चाहिए। ताकि भविष्य में इस प्रकार के कृत्यों को दोहराया ना जा सके।

भोपाल भाजपा की जिला टीम में 90 नए चेहरे, सुरेश पचौरी समेत 23 दिग्गज स्थायी आमंत्रित सदस्य
Author: Jai Lok





