
दूरस्थ केंद्रों तक पहुँचने के लिए तैनात की गईं बसें
जबलपुर (जयलोक)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा 21 जून को आयोजित री-नीट परीक्षा के लिए जिले में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से तीन केंद्र शहर से काफी दूरी पर स्थित होने के कारण जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष बस व्यवस्था की है। इन केंद्रों तक पहुंचने के लिए पेमेंट बेसिस पर दो-दो बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

री-नीट परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक आयोजित होगी। प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार समाधि रोड बरबटी स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 से सुबह 10.30 बजे और 11.30 बजे बसें रवाना होंगी। इसी तरह ग्राम मंगेली स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय परीक्षा केंद्र के लिए मेडिकल कॉलेज तिराहा से दो बसें निर्धांरित समय पर संचालित की जाएंगी। वहीं डुमना एयरपोर्ट रोड स्थित राज्य होटल प्रबंधन संस्थान पहुंचने के लिए भी रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-1 से सुबह 10.30 बजे और 11.30 बजे बसों की व्यवस्था की गई है।

रादुविवि के समीप बने केन्द्रों पर विशेष सुरक्षा
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के समीप के 6 परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। जिसका कारण राष्ट्रपति का शहर आगमन और रादुविवि में होने वाला दीक्षांत समारोह कार्यक्रम है। राष्ट्रपति रादुविवि के दीक्षांत समारोह कार्यक्रम में शामिल होंगी।


समय पर केंद्र पहुँचने की अपील
जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे निर्धारित समय से पहले बस स्टॉप पर पहुंचें और परीक्षा से संबंधित आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। अधिकारियों का कहना है कि दूरस्थ परीक्षा केंद्रों तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था की गई है, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
हाई प्रोफाइल राजनीतिक हस्तक्षेप के बाद क्लासरेन्स हत्याकांड के शूटर हुए सरेंडर!
Author: Jai Lok






