
अमृत फेज के कार्योंे को मिलेगी गति, समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने दिखाई सख्ती
जबलपुर (जय लोक)।विकास कार्यों को लेकर आयोजित की गई समीक्षा बैठक में आज निगमायुक्त सख्ती से नजर आए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों कर्मचारियों और ठेकेदारों से कहा कि काम में लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के द्वारा लगातार प्रगति की समीक्षा की जा रही है। इस कड़ी में आज भी निगमायुक्त श्री अहिरवार ने अमृत फेज़ 2.0 के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता दोनों पर विशेष जोर देते हुए निर्माण कंपनियों और ठेकेदारों को स्पष्ट और कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार द्वारा समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के बाद प्रभावित हुई सडक़ों के री-स्टोरेशन अर्थात सडक़ मरम्मत के कार्यों को तेज गति से पूर्ण किया जाएं, ताकि नागरिकों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए दो उच्च स्तरीय पानी की टंकियों का निर्माण कार्य भी शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

निगमायुक्त ने निर्देशित किया कि समय-सीमा के भीतर काम पूरा न होने और गुणवत्ता में किसी भी तरह का समझौता पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक ये रहें उपस्थित
समीक्षा बैठक में अशफाक परवेज कुरैशी अपर आयुक्त, कमलेश श्रीवास्तव अधीक्षण यंत्री, राजेश खंपरिया सहायक यंत्री अंकुर नाग व अन्य तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे।
नागरिकों को मिलेगा सीधा लाभ- निगमायुक्त ने बताया कि अमृत फेज़-2 योजना का मुख्य उद्देश्य हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। उन्होंने बैठक के दौरान अधिकारियों और ठेकेदारों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के लिए निर्देशित किया। इस समीक्षा बैठक के बाद यह साफ है कि आने वाले दिनों में अमृत फेज़-2 के कार्यों में तेजी आएगी, जिससे शहर के नागरिकों को सुगम सडक़ें और बेहतर जल आपूर्ति व्यवस्था का लाभ मिलेगा।


Author: Jai Lok






