
देश व प्रदेश की जनता जानती है कि कांग्रेस पार्टी सत्ता संभालने लायक नहीं बची – डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्री राकेश सिंह का उल्लेख कर पदयात्रा की ऐतिहासिक सफलता का दिया श्रेय
मुख्यमंत्री के स्वागत में उमड़े संगठन, राकेश सिंह की अगुवाई में जबलपुर में पदयात्रा सफल

जबलपुर (जयलोक)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने आज सोमवार को ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ‘ संकल्प को लेकर जबलपुर के शहीद स्मारक गोल बाजार में आयोजित ढाई कि.मी. से अधिक लंबी पदयात्रा में सहभागिता कर उमड़े एक लाख से अधिक जनसैलाब को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह वही कांग्रेस पार्टी है जो नेताजी सुभाषचंद्र बोस की सगी नहीं हुई। जबलपुर में ही कांग्रेस के चुनाव में विजयी होने के बाद जवाहरलाल नेहरू को नेता घोषित किया गया था। जो नेताजी सुभाषचंद्र बोस के नहीं हुए, वह कांग्रेस नेता किसी के भी सगे नहीं हो सकते। राहुल गांधी न्याय की बात करते हैं, उनकी दादी इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसले को नहीं माना और सत्ता में बने रहने के लिए देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा था। मध्यप्रदेश और देश की जनता यह पूरी तरह जानती है कि कांग्रेस पार्टी देश की सत्ता संभालने लायक नहीं बची है।
मुख्यमंत्री ने मंत्री राकेश सिंह को दिया का श्रेय – मुख्यमंत्री द्वारा सार्वजनिक मंच से दो बार मंत्री राकेश सिंह का उल्लेख करते हुए आयोजन की सफलता का श्रेय देना उनके संगठनात्मक कौशल, जनसंपर्क और समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर जोडऩे की क्षमता का महत्वपूर्ण प्रमाण माना जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि राहुल गांधी लोकतांत्रिक संस्थाओं को धमकाकर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी और उसके नेता अपनी साख खो चुके हैं, इसलिए संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्तमान में देश के 80 प्रतिशत क्षेत्र में कांग्रेस समाप्त हो चुकी है। जिन 20 प्रतिशत क्षेत्र में कांग्रेस कुछ बची भी है, वह भी आने वाले चुनावों में समाप्त हो जाएगी। जबलपुर में उमड़े जनसौलाब ने बता दिया कि लोकतंत्र का गला घोंटने वाली कांग्रेस पार्टी का वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में पूरे देश से सफाया हो जाएगा।
लोकतंत्र की रक्षा किसी एक दल की नहीं, हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी – श्री हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा किसी एक दल की नहीं, हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। जबलपुर की धरती पर हजारों की संख्या में नागरिकों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के लोगों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता लोकतंत्र विरोधी ताकतों और अराजकता फैलाने वाली राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। श्री खण्डेलवाल ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ‘ संकल्प के साथ जबलपुर में आयोजित इस पदयात्रा में सभी समाजों, वर्गों और संगठनों ने जिस उत्साह से सहभागिता की है, वह सराहनीय है। यह अभियान केवल भारतीय जनता पार्टी का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखने वाले प्रत्येक नागरिक का अभियान है।
ढाई किलोमीटर के मार्ग पर 55 मंचों से हुआ ऐतिहासिक स्वागत
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का एक अत्यंत आकर्षक और उल्लेखनीय पक्ष यह रहा कि ढाई किलोमीटर लंबे मार्ग पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा कुल 55 स्वागत मंच स्थापित किए गए। इन मंचों के माध्यम से पदयात्रा में शामिल अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और सहभागियों का पुष्पवर्षा, माल्यार्पण, अभिनंदन एवं आत्मीय स्वागत किया गया। वहीं सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने भी बढ़-चढक़र स्वागत किया। यह दृश्य जबलपुर की सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सामूहिक सहभागिता का जीवंत उदाहरण बना।जबलपुर की इस पदयात्रा में 55 स्वागत मंचों के माध्यम से जिस प्रकार समाज के विभिन्न वर्गों ने सहभागिता की, उसने यह स्पष्ट कर दिया कि संस्कारधानी की पहचान केवल धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक परंपराओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और लोकतांत्रिक चेतना की भी मजबूत परंपरा है।पदयात्रा में व्यापारिक संगठनों से लेकर सामाजिक संस्थाओं, धार्मिक संगठनों, युवाओं, विद्यार्थियों और मातृशक्ति की उपस्थिति ने आयोजन को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया। यह आयोजन जबलपुर की सामूहिक शक्ति और सामाजिक एकजुटता का ऐसा उदाहरण बना, जिसमें शहर के विभिन्न वर्गों ने एक साथ आकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई यात्रा के ढाई किलोमीटर के मार्ग में 55 स्वागत मंच लगाए गए जिसमे विभिन्न जाति समाज, व्यापारी, स्वयंसेवी संगठन, खेल संगठन के पदाधिकारियों ने मंच से पुष्पवर्षा कर पदयात्रा का स्वागत किया।
संतों का मिला सानिध्य
पदयात्रा में पूज्य संतो का सानिध्य प्राप्त हुआ रथ में सवार होकर पूज्य संत यात्रा में शामिल हुए। पदयात्रा में प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल, श्रीमती संपतिया उइके, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ निशांत खरे, प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी राहुल कोठारी, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, सांसद आशीष दुबे, सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व मंत्री श्री शरद जैन, जिला प्रभारी पूर्व सांसद श्री आलोक संजर, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी परांजपे, महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक श्री अजय विश्नोई, श्री अशोक रोहाणी, श्री सुशील तिवारी इंदु, श्री अभिलाष पांडे, श्री नीरज सिंह, श्री संतोष बरकड़े, श्री प्रणय पाण्डे, पूर्व विधायक श्री आँचल सोनकर, मेला एवं तीर्थ प्राधिकरण अध्यक्ष श्री विनोद गोटिया, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संदीप जैन, मध्यप्रदेश तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष श्री रविकरण साहू, जबलपुर जिला अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर, जबलपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्री राजकुमार पटेल,आदि संगठनों के प्रमुख, शहर के गणमान्यजन, मातृशक्ति सहित करीब एक लाख लोग शामिल हुए।
मंत्री राकेश सिंह ने जताया जबलपुर की जनता का आभार
ऐतिहासिक पदयात्रा की अभूतपूर्व सफलता के बाद लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने इसमें सहभागी बने समस्त सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों, खेल संघों, छात्र-छात्राओं, मातृशक्ति, युवा साथियों और जबलपुर की जागरूक जनता के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मैं आप सभी का आभारी हूं, जिनकी सहभागिता और सहयोग से संस्कारधानी जबलपुर में यह ऐतिहासिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जबलपुर की जनता ने अपनी उपस्थिति और सक्रिय भागीदारी से यह संदेश दिया है कि लोकतंत्र, संविधान और देश की एकता के प्रति हमारी आस्था अटूट है। उन्होंने कहा कि आप सभी ने वास्तविकता को स्वीकार करते हुए कांग्रेस और तथाकथित अराजकता फैलाने वाली ताकतों को जबलपुर की धरती से स्पष्ट संदेश दिया है कि हम भारतीय हैं और हमारी आस्था देश के लोकतंत्र में है। हम किसी भी अराजकतावादी ताकत के साथ खड़े नहीं होंगे। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास सर्वोपरि है और जबलपुर की जनता ने अपनी एकजुटता से इस विश्वास को मजबूती प्रदान की है।





