Download Our App

Home » News » विजयनगर के अलावा विकसित हो रहे क्षेत्रों में भी जेडीए को देना होगा ध्यान

विजयनगर के अलावा विकसित हो रहे क्षेत्रों में भी जेडीए को देना होगा ध्यान

नए मास्टर प्लॉन के लिए टकटकी लगाए हैं शहरवासी
दस साल से अधिक पुरानी हैं सभी योजनाएँ

परितोष वर्मा
जबलपुर (जय लोक)। महानगर की तर्ज पर करवट लेता हमारा शहर जबलपुर अपनी चारों दिशाओं में तेजी से विकसित भी हो रहा है और इसकी बसाहट भी तेजी से चारों तरफ बढ़ रही है। शहर विकास के लिए नगर निगम जबलपुर की अपनी अलग जिम्मेदारी और भूमिका है इसी प्रकार जबलपुर विकास प्राधिकरण की भी शहर विकास के लिए अपनी अलग भूमिका है। जबलपुर विकास प्राधिकरण ने पूर्व के समय में तत्कालीन मास्टर प्लॉन और विकास की योजनाओं के मद्देनजर कई क्षेत्रों में अपनी व्यवसायिक और आवासीय योजनाओं का क्रियान्वयन किया। बहुत सारी ऐसी योजनाएं हैं जो पूर्ण हो चुकी हैं और उनका हस्तांतरण नगर निगम को कर भी दिया गया है।
लेकिन वर्तमान में जो भी योजनाएं जबलपुर विकास प्राधिकरण के द्वारा संचालित की जा रही हैं तथा विगत डेढ़ दशकों में जो भी योजनाएं प्रारंभ की गई हैं  उनमें से अधिकांश विजय नगर और इसके आसपास के क्षेत्रों में ही क्रियान्वित हैं। अब समय के अनुसार इस बात की भी माँग उठ रही हैं कि जबलपुर विकास प्राधिकरण भविष्य में अपनी नई विकास की योजनाओं को लाएगा तो उसे चारों दिशाओं में विकसित हो रहे शहर को ध्यान में रखते हुए स्थानों का चयन करना होगा।

जानकारों का कहना है कि जल्द ही नया मास्टर प्लॉन जारी हो जाएगा। अगर यह समय पर जारी हो जाता है तो जबलपुर विकास प्राधिकरण को अपनी नई योजनाएं धरातल पर लाने में आसानी भी होगी और क्षेत्रवार भी विकास की योजनाओं की बेहतर प्लॉनिंग की जा सकेगी। वर्तमान समय में जबलपुर टकटकी लगाए नए मास्टर प्लॉन की ओर देख रहा है।
विगत सात सालों से जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष का पद किसी जनप्रतिनिधी के बिना खाली पड़ा हुआ था और इसमें शासन द्वारा पदेन अध्यक्ष के रूप में संभागीय आयुक्त जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे। लेकिन शहर विकास की जो ललक और जवाबदेही एक जनप्रतिनिधि की होती है उतनी शायद कई महत्वपूर्ण दायित्व संभाल रहे संभागीय आयुक्त की नहीं होती। इसी का परिणाम यह नजर आता है कि विगत सात सालों में जबलपुर विकास प्राधिकरण द्वारा विकास कार्यों को लेकर कोई भी नई योजना नहीं लाई गई है। वर्तमान में जो भी योजनाएं तकरीबन 460 एकड़ के क्षेत्र में संचालित हो रही हैं। वे सभी दस साल पुरानी हैं। अब बिलहरी, तिलवारा, पाटन, कटंगी, पनागर रांझी आदि ऐसे क्षेत्र हैं जो लगातार विकास के मामले में व्यापारिक और आवासीय परिदृश्य से तेजी के साथ बढ़ रहे हैं।
जबलपुर विकास प्राधिकरण को अपनी नई योजनाओं में अब इस बात को प्रमुखता से शामिल करना होगा कि शहर चारों दिशाओं में विकसित हो रहा है। विकास की जरूरतें और नागरिकों की सुविधाओं के अनुरूप नई योजनाओं को आकार में लाना होगा।

सात साल बाद जनप्रतिनिधि के आने से बढ़ गई अपेक्षाएँ
शहर विकास में जबलपुर विकास प्राधिकरण का महत्वपूर्ण रोल रहा है। अब जब सात सालों के लंबे अंतराल के बाद संवेदनशील व्यक्ति के रूप में अपनी पहचान रखने वाले भाजपा नेता संदीप जैन को विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद का दायित्व मिला है। इसलिए अब जबलपुर वासियों की उम्मीद और उनसे अपेक्षाएं और बढ़ गई हैं।

14 में को कर भाग ग्रहण करेंगे संदीप जैन
जबलपुर के विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जबलपुर विकास प्राधिकरण में अब 7 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अफसरशाही की बिदाई और जन प्रतिनिधि युग की शुरुआत होने जा रही है। मध्य प्रदेश शासन द्वारा जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष के रूप में भारतीय जनता पार्टी के लोकप्रिय नेता संदीप जैन 14 मई को अपने पद का कार्यभार ग्रहण करने जा रहे हैं। उनके कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर भव्य समारोह भी आयोजित होने जा रहा है।

महिला की घर में घुसकर हत्या करने वाला हत्यारा गिरफ्तार, हत्या के पहले  किया था दुष्कर्म

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » News » विजयनगर के अलावा विकसित हो रहे क्षेत्रों में भी जेडीए को देना होगा ध्यान

Top Headlines

Live Cricket