
जबलपुर (जयलोक)। विद्युत से होने वाली दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए और इससे लोगों को बचाने के लिए आज से पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपना अभियान शुरू किया है। जिसमें ट्रांसफार्मर और ऐसे स्थानों पर जहां विद्युत से लोगों को जान का खतरा हैं इन स्थानों के पास बने अवैध अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाही शुरू की गई है।

पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आज से विद्युत से होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव हेतु एक विशेष मुहिम शुरू की है। इस हेतु जबलपुर संभाग के मुख्य अभियंता एस. के. गिरिया के नेतृत्व में जबलपुर शहर में पदस्थ लगभग 30 अधिकारी जिनमें कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री, कनिष्ठ यंत्री अलग क्षेत्रों में विशेष रूप से ट्रांसफार्मर के आस-पास किये गये अतिक्रमण के साथ-साथ ऐसे स्थलों, जहां पर विद्युत खम्भों एवं लाईनों के नजदीक सुरक्षा की अनदेखी कर, स्थानीय लोगों द्वारा अतिक्रमण किया गया है, उनको हटाये जाने की कार्यवाही, विद्युत विभाग, पुलिस प्रशासन एवं नगर पालिक निगम के अतिक्रमण दस्ते द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही है।

उक्त संबंध में सोमवार को कलेक्टर द्वारा निर्देश दिए गए थे। निर्देश के अनुसार शहर में चलाये जा रहे इस अभियान में तीन अलग-अलग अतिक्रमण दस्ते जो कि शहर के भिन्न-भिन्न क्षेत्रों में विद्युत विभाग की टीम के साथ विद्युत लाईन, ट्रांसफार्मर, खंभे आदि के पास में स्थित अतिक्रमण दूर करने की कार्यवाही में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।


इन जगहों पर हुई कार्रवाही
बिजली विभाग और प्रशासन ने मिलकर अब तक 70 स्थानों पर यह कार्रवाई की है। इस दौरान अवैध कब्जे को बहुत शांतिपूर्ण ढंग से हटाया गया है और जगह को सुरक्षित किया गया है ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो। 315 केवीए कटंगी रोड पर विशेष ध्यान दिया गया। अतिक्रमण हटाकर वहां तार लगाए गए हैं। रामपुर चौक पर ट्रांसफार्मर की डीपी पर अतिक्रमण किया गया था। इसके अलावा बिरसा मुंडा चौक अधारताल में केशरी स्टोर्स के सामने ट्रांसफार्मर डीपी स्ट्रक्चर के नीचे अतिक्रमण कर लगाई गई एक चाय की दुकान को हटाया गया। इसके बाद वहां डीपी स्ट्रक्चर की फेसिंग का कार्य भी किया जा रहा है, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
‘स्वस्थ भारत पोर्टल’ लॉन्च, देश की स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म
Author: Jai Lok






