Download Our App

Home » जबलपुर » विश्व को भारत का अमूल्य उपहार है योग :राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु

विश्व को भारत का अमूल्य उपहार है योग :राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु

योगमय हुई संस्कारधानी, योग के महाकुंभ में राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री, राज्यपाल सहित 5 हजार लोगों ने किया योगाभ्यास
जबलपुर (जयलोक)। गैरिसन ग्राउंड में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने शिरकत की। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस गरिमामय आयोजन में भारी संख्या में स्कूली बच्चों, उनके अभिभावकों और आम नागरिकों ने एक साथ मिलकर विभिन्न योगासन किए। संस्कारधानी के नाम से प्रसिद्ध शहर का यह मैदान योग के अद्भुत रंग में रंगा नजर आया, जहां हर उम्र के लोग सेहत सुधारने के संकल्प के साथ एकजुट हुए थे।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि हम भारत की उस महान योग परंपरा का उत्सव मना रहे हैं, जिसने मानवता को स्वस्थ, संतुलित और सार्थक जीवन का मार्ग प्रदान किया है। योग विश्व समुदाय को हमारी सांस्कृतिक धरोहर का एक अनमोल उपहार है। यह हमारे ऋषियों-मुनियों की हजारों वर्षों की साधना का परिणाम है। जिस भारतभूमि ने पूरे विश्व को योग का अमूल्य ज्ञान प्रदान किया, आज उसी पावन धरती से स्वास्थ्य, संतुलन, शांति और आत्मकल्याण का संदेश पुन: समस्त विश्व में प्रसारित किया जा रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमारे शास्त्रों में शरीर, मन और आत्मा के संतुलन को जीवन की सफलता का आधार माना गया है। योग उसी संतुलन को स्थापित करने का मार्ग है। ‘योग’ शब्द का अर्थ है जोडऩा, व्यक्ति को स्वयं से, समाज को प्रकृति से और सम्पूर्ण मानवता को व्यापक विश्व चेतना से जोडऩा। योग एक सशक्त माध्यम है, जो हमें आंतरिक शांति, संतुलन और सामूहिक कल्याण की दिशा में आगे बढ़ाता है। आज जब विश्व अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब योग मानवता को शांति, संतुलन, समरसता और सामूहिक कल्याण का मार्ग दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम योग फॉर हेल्दी एजिंग है। यह थीम समाज के वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य, सक्रियता, आत्मनिर्भता और गरिमापूर्ण जीवन में योग की उपयोगिता को रेखांकित करती है। योग बढ़ती आयु में भी व्यक्ति को स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर बनाए रखने में बहुत सहायक है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी नागरिकों को योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प दिलाया।
योग को दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लें – राज्यपाल
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ बनाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि यह संपूर्ण जीवन को संतुलित, सरल और आनंदमयी बनाने की पद्धति है। भारतीय ज्ञान परंपरा ने स्वस्थ जीवन का जो मार्ग दिखाया था, आज पूरी दुनिया उसे अपना रही है। संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा भारतीय योग को अंतरराष्ट्रीय सम्मान दिया गया। योग को पूरी दुनिया में सम्मान दिलवाने में प्रधानमंत्री श्री मोदी की दूरदृष्टि और अटूट प्रतिबद्धता के प्रति आभार व्यक्त करना हम सभी का कर्तव्य है।
ये रहे उपस्थित- कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीक, सांसद आशीष दुबे, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, डॉ. अभिलाष पांडे, नीरज सिंह, संतोष बरकड़े, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, मुख्य सचिव अनुराग जैन, मध्यप्रदेश तीर्थ क्षेत्र एवं मेला प्राधिकरण अध्यक्ष विनोद गोंटिया, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, प्रदेश महिला भाजपा अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी परांजपे, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, संभागायुक्त धनंजय सिंह, कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा लगभग 5 हजार योग साधकों ने सहभागिता कर सामूहिक योगाभ्यास किया।
वैश्विक शांति के लिए योग एकमात्र उपाय : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस दुनियाभर में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम -योग फॉर हेल्दी एजिंग है। योग दिवस वैश्विक शांति और वैश्विक कल्याण को बढ़ावा देता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के कार्यकाल के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने पर यह सुखद संयोग बना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आदि देव शंकर और आष्टांग योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि को नमन करते हुए कहा कि यह मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम संस्कारधानी में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु तथा राज्यपाल पटेल को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रतीक चिन्ह भेंट किया व कार्यक्रम की शुरूआत व अंत में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान किया गया।

 

विशेष अतिथि के रूप में कबुनी क्रिकेट शोकेस में शामिल हुए डॉ. अनुराग सोनी

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » जबलपुर » विश्व को भारत का अमूल्य उपहार है योग :राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु

Top Headlines

Live Cricket