
जबलपुर, (जयलोक)। पुणे से पटना जा रही पुणे-पटना एक्सप्रेस (17610) शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का केंद्र बन गई, जब एस-8 कोच में सफर कर रहे एक यात्री ने अचानक चिल्लाते हुए दावा किया कि उसे सांप ने काट लिया है। यात्री की चीख सुनते ही पूरे डिब्बे में भगदड़ मच गई और लोग अपनी सीटें छोडक़र दूसरे कोचों की ओर भागने लगे।जानकारी के अनुसार, बर्थ नंबर 69 पर यात्रा कर रहे विकास कुमार गहरी नींद में थे। इसी दौरान उन्हें पैर में किसी चीज के काटने का एहसास हुआ। उन्होंने नीचे पूंछ जैसी कोई वस्तु देखी, जिससे उन्हें सांप होने का संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया कि उन्हें सांप ने काट लिया है।

1 घंटे तक खड़ी रही ट्रेन-घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन सुबह करीब 9:15 बजे जबलपुर स्टेशन पर रोकी गई। रेलवे अधिकारियों, चिकित्सकों और स्थानीय सर्प विशेषज्ञों ने एस-8 कोच के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली। सीटों के नीचे, लगेज रैक और अन्य संभावित स्थानों की करीब एक घंटे तक जांच की गई, लेकिन कहीं भी सांप नहीं मिला। कुछ यात्रियों ने संभावना जताई कि अंधेरे में दिखाई देने वाली वस्तु चूहे की पूंछ भी हो सकती है।

यात्री को विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया- एहतियात के तौर पर विकास कुमार को ट्रेन से उतारकर प्राथमिक जांच के बाद विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया।


चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत सामान्य है और फिलहाल सांप के काटने की पुष्टि नहीं हुई है।
कोच को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद सुबह करीब 10:15 बजे ट्रेन को पटना के लिए रवाना कर दिया गया।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की गई, लेकिन कोच में किसी सांप के होने का कोई प्रमाण नहीं मिला। फिर भी यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए।
राम मंदिर चढ़ावा मामले में जल्द सुनवाई करने से सुप्रीम कोर्ट ने किया इनकार
Author: Jai Lok






