
महापौर, अध्यक्ष, एमआईसी, कलेक्टर, आयुक्त ने पूरी टीम के साथ संभाला मोर्चा
सुपर मार्केट व्यापारी संघ के साथ निगमायुक्त ने किया स्वच्छता संवाद
जबलपुर (जय लोक)। शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में अव्वल लाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा प्रयासों को और तेज कर दिया गया है। विशेषकर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, अध्यक्ष रिकुंज विज, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार सफाई कर्मियों और पूरी टीम के साथ पूरी दमखम से लग गए है और ना दिन देख रहे हैं ना रात। इसी क्रम में कल रात शहर के बाजार क्षेत्रों को चकाचक करने के उद्देश्य से सफाई अभियान चलाया गया, जिसका नेतृत्व स्वयं महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने किया। इस दौरान उनके साथ कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार भी आधी रात तक रहे। वहीं दिन में आम जनता और व्यापारियों से मिलने निकले निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने सुपर मार्केट व्यापारी संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर स्वच्छता संवाद किया। बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत शहर की रैंकिंग को सुधारने में व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की बात हुई।

बैठक के दौरान व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि वे न केवल अपनी दुकानों और आस-पास के क्षेत्र को साफ रखेंगे, बल्कि सुपर मार्केट आने वाले आम जनमानस को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे। व्यापारियों ने संकल्प लिया कि वे ग्राहकों को कचरा डस्टबिन में डालने और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए प्रेरित करेंगे।
संवाद के तुरंत बाद निगमायुक्त श्री अहिरवार ने व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर सुपर मार्केट क्षेत्र का सघन दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा की दुकानों के बाहर अतिक्रमण न हो और सामान व्यवस्थित रहे ताकि आवागमन सुगम हो। कचरा संग्रहण और सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।

मशीनों और ‘स्वच्छता सैनिकों’ का अनूठा समन्वय
आधी रात को जब शहर सो रहा था, तब मालवीय चौक से कमानिया और उसके आगे पीछे मुख्य बाजार क्षेत्रों में भारी मशीनों और स्वच्छता कर्मियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक संसाधनों का भरपूर उपयोग किया गया जिसमे 4 रोड स्वीपिंग मशीनें सडक़ों की धूल को पलक झपकते साफ करने के लिए, 3 टिप्पर और 2 जेड मशीनें जिससे कचरा संग्रहण और नालियों की बेहतर सफाई सुनिश्चित करने के लिए। 70+ स्वच्छता सैनिक जमीन पर उतरकर चप्पे-चप्पे को चमकाने में जुटे रहे।


क्रूज मामले में महत्वपूर्ण निर्णय: रिट. जस्टिस संजय द्विवेदी करेंगे पूरी जाँच
Author: Jai Lok






