
नई दिल्ली (जयलोक)। जुलाई महीने की शुरुआत आम लोगों और व्यापार जगत के लिए राहत भरी खबरों के साथ हुई है। सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलिंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती कर दी है, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 3,113.50 रुपये से घटकर 2,930 रुपये हो गई है।
14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। साथ ही सरकार ने डीजल बिक्री पर लगी सीमा भी हटा दी है, जिससे वाहन चालकों, किसानों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर को राहत मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच नायरा एनर्जी ने पेट्रोल के दाम 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर तक घटाने का फैसला किया है। नई कीमतें 1 जुलाई 2026 से लागू हो गई हैं, जिससे वाहन चालकों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि सरकारी तेल कंपनियों ने फिलहाल अपने रेट में कोई बदलाव नहीं किया है और पुराने दाम ही लागू हैं। माना जा रहा है कि वैश्विक बाजार में तेल की कीमतें नरम रहने पर आगे और राहत मिल सकती है। होर्मुज स्ट्रेट के सामान्य होने और सप्लाई बेहतर होने से आने वाले दिनों में ईंधन बाजार पर असर देखने को मिल सकता है।
वहीं दूसरी ओर कुछ फैसलों का असर जेब पर पड़ सकता है। सरकार ने पेट्रोल निर्यात पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क बढ़ा दिया है ताकि घरेलू बाजार में पर्याप्त सप्लाई बनी रहे। इसके अलावा कई ऑटो कंपनियों ने 1 जुलाई से नई कारों की कीमतें बढ़ा दी हैं, जिससे वाहन खरीदना महंगा हो सकता है। कुल मिलाकर जुलाई की शुरुआत गैस और ईंधन में राहत, लेकिन ऑटो सेक्टर में बढ़ते खर्च के संकेत लेकर आई है।
Author: Jai Lok






