
नामकरण पर कांग्रेस की आपत्ति पर बोले महापौर कोई पक्षपात नहीं सभी के प्रस्ताव पर लिया जा रहा निर्णय
स्वच्छता में देश में दूसरे स्थान आने पर महापौर, अध्यक्ष आयुक्त का सर्वदलीय स्वागत
जबलपुर (जय लोक)। नगर निगम के पंडित भवानी प्रसाद तिवारी सभा कक्ष में आज साधारण सभा की बैठक प्रारंभ हुई। दिवंगत विभूतियों को श्रद्धांजलि के उपरांत सर्वप्रथम देश में स्वच्छता में दूसरा स्थान हासिल करने पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू का स्वागत मेयर इन काउंसिल के सदस्य एवं नेता प्रतिपक्ष ने किया। इसके पश्चात अध्यक्ष रिकुंज विज एवं निगमायुक्त अग्रिम कुमार का सर्वदलीय स्वागत कर आभार व्यक्त किया गया।

सत्ता पक्ष की ओर से सदन में यह जानकारी दी गई की मौजूदा सफाई ठेके को एक माह की अवधि के लिए बढ़ाया गया है। 1 दिसंबर से जबलपुर की सफाई व्यवस्था में बदलाव होगा और नए चुने जाने वाले ठेकेदार शहर को साफ रखने की और बेहतर जिम्मेदारियां का निर्वहन करेंगे।

नामकरण को लेकर विपक्ष की आपत्ति
सदन की कार्यवाही के दौरान शहर के कुछ चौराहों का शहर की विभूतियों के नाम से नामकरण किए जाने की घोषणा सत्ता पक्ष के द्वारा की जा रही थी। इसी दौरान विपक्ष के पार्षदों ने इस बात की आपत्ति उठाई कि उनके प्रस्तावों पर उतनी गंभीरता से चर्चा नहीं होती। जिस पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने तत्काल स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा कि सदन के सभी सदस्यों के द्वारा दिए जाने वाले नामकरण के प्रस्ताव पर विचार होता है। प्रक्रिया के आधार पर चार-पांच नामकरण के प्रस्ताव पर बैठक में स्वीकृत किए जाते हैं। जो प्रस्ताव पाइपलाइन में हैं उन पर भी जल्द निर्णय लेकर सभी सदस्यों प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक सदन की बैठक जारी थी और भोजन अवकाश के बाद अन्य महत्वपूर्ण निर्णय पर भी सदन में चर्चा होगी।




