नई दिल्ली (जयलोक)। बीजेपी को जल्द ही नया अध्यक्ष मिल सकता है। संगठन को फरवरी तक चयन प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी के नए अध्यक्ष की घोषणा हो जाएगी। दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है और 8 फरवरी को नतीजे आएंगे। ऐसे में बीजेपी का पूरा फोकस दिल्ली चुनाव पर है और जीत के लिए पूरा जोर भी पार्टी और संगठन लगा रहा है। जेपी नड्डा की अध्यक्षयता में ही ही बीजेपी दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ेगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि 10 फरवरी से 20 फरवरी के बीच बीजेपी अध्यक्ष का चुनाव हो सकता है। संगठन चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। मंडल से लेकर जिला और प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चुने जा रहे हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय परिषद और प्रदेश परिषद के सदस्य भी चुने जा रहे हैं, जो राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में अहम भूमिका निभाएंगे और नए अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। अभी तक सिर्फ चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों का ही चुनाव हुआ है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए कम से कम 50 फीसदी राज्य इकाइयों में संगठन के चुनाव पूरे होने जरूरी हैं। बीजेपी नेताओं की माने तो पहले से तय कार्यक्रम के मुताबिक ही संगठन चुनाव चल रहा है और इसे समय पर पूरा करा लिया जाएगा। संगठन का कहना है कि सिर्फ महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनावों के कारण सदस्यता अभियान देर से शुरू हुआ है। फिलहाल, जेपी नड्डा ने अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। बतौर अध्यक्ष नड्डा का कार्यकाल पिछले साल जनवरी में ही खत्म हो गया था, लेकिन लोकसभा चुनाव के चलते उनका कार्यकाल बढ़ा दिया गया था। नड्डा ने फरवरी 2020 में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाला था। वह इस समय मोदी कैबिनेट में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। नए बीजेपी अध्यक्ष नड्डा की जगह लेंगे।