Download Our App

Home » दुनिया » भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू

भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू

सबसे पहले होगा 345 प्रदेश परिषद सदस्यों का चयन

भोपाल (जयलोक)। मप्र भाजपा जिलाध्यक्षों के ऐलान के बाद अब जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की घंटी बजेगी। सवाल ये है कि देश के आदर्श संगठनों में गिने जाने वाले मप्र में जब मुख्यमंत्री के तौर पर सत्ता का चेहरा पार्टी ने बदला है, तो क्या संगठन में भी अब लंबे समय से प्रस्तावित बदलाव होगा। या लोकसभा चुनाव में मिली बंपर जीत का इनाम वीडी शर्मा को दिया जा सकता है। हालांकि जानकार बता रहे हैं कि वीडी एक एक्सटेंशन ले चुके हैं, लिहाजा इसकी संभावना कम है। तो सवाल यह है कि भाजपा संगठन में प्रदेश अध्यक्ष की कमान किस योग्यता के पैमाने पर और किस नेता को दी जाएगी? पार्टी नेतृत्व की राइट च्वाइस कौन बनेगा? क्या इस नए चेहरे में मोहन यादव की पसंद का खास ख्याल रखा जाएगा। भाजपा के 57 संगठनात्मक जिलों में अध्यक्षों की घोषणा के बाद अब प्रदेश के नए अध्यक्ष के चुनाव पर सभी की नजरें हैं। जिलाध्यक्षों के बाद अब प्रदेश परिषद के सदस्य भी चुने जाएंगे। दो विधानसभा क्षेत्र पर एक क्लस्टर बनाकर प्रदेश परिषद का सदस्य चुना जाएगा। कुल 345 प्रदेश परिषद सदस्यों के चयन में महिला, एससी-एसटी और ओबीसी वर्ग का भी ध्यान रखा जाएगा। भाजपा संगठन के संविधान के अनुसार पार्टी के विधायकों और सांसदों में से 10 प्रतिशत सदस्य प्रदेश परिषद के सदस्य बनाए जाएंगे। इस आधार पर संख्या बल के हिसाब से लगभग 17 विधायकों को भी प्रदेश परिषद का सदस्य बनाया जाएगा। प्रदेश परिषद के सदस्य नया प्रदेश अध्यक्ष चुनेंगे। प्रदेश में जितनी विधानसभा सीट एससी या एसटी के लिए आरक्षित हैं, उतनी संख्या में उसी वर्ग के सदस्य प्रदेश परिषद के लिए चुने जाएंगे। इसके अलावा सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और महामंत्री, मोर्चा प्रकोष्ठ के अध्यक्षों में से प्रदेश परिषद के सदस्यों का निर्वाचन किया जाएगा। प्रदेश परिषद के 20 सदस्यों के प्रस्ताव पर प्रदेश अध्यक्ष का निर्वाचन किया जाएगा।

कई नेता दावेदार

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की जगह कौन लेगा, इसको लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है। अब प्रदेश में जिला अध्यक्षों के नाम की घोषणा लगभग हो चुकी है। ऐसे में माना जा रहा है कि जल्द ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष की रेस में पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, अरविंद सिंह भदौरिया, बैतूल से विधायक हेमंत खंडेवलवाल, बृजेन्द्र प्रताप सिंह सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और राज्यसभा सदस्य सुमेर सिंह सोलंकी के नाम चर्चा में है।
फग्गन सिंह कुलस्ते- सात बार के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते इस दौड़ में सबसे मजबूत उम्मीदवार माने जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री रह चुके कुलस्ते को विधानसभा चुनाव में हार के बावजूद लोकसभा का टिकट दिया गया। भाजपा में कुलस्ते आदिवासियों का बड़ा चेहरा है। ऐसे में एसटी वर्ग से प्रदेश अध्यक्ष बनने के लिए दावेदार माने जा रहे हैं।
सुमेर सिंह सोलंकी- राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी युवा नेता हैं। उनकी आदिवासी समुदाय में अच्छी पकड़ है। वह भाजपा में संघ के करीबी माने जाते हैं। इसलिए उनका नाम भी रेस में है।
डॉ. नरोत्तम मिश्रा- पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी प्रदेश अध्यक्ष के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। उनको महाराष्ट्र चुनाव में अहम जिम्मेदारी दी गई। लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में कई कांग्रेसी नेताओं को उन्होंने भाजपा में शामिल कराया।
अरविंद सिंह भदौरिया- पूर्व मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया क्षत्रिय वर्ग से आते है। ब्राह्मण के बाद क्षत्रिय को मौका देने की चर्चा चल रही है। भदौरिया को केंद्रीय नेतृत्व के कुछ नेताओं का समर्थन भी हासिल है।
हेमंत खंडेलवाल- बैतूल से विधायक और पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल का नाम भी प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में शामिल है। वह प्रदेश संगठन में लंबे समय से काम कर रहे है। संगठन के ही वरिष्ठ नेताओं ने उनका नाम बढ़ाया है।
बृजेंद्र प्रताप सिंह- पन्ना जिले से आने वाले बृजेन्द्र प्रताप सिंह पूर्व में मंत्री रह चुके हैं। उनका नाम भी प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में बताया जा रहा है। वे संगठन में मौजूदा अध्यक्ष वीडी शर्मा के करीबी माने जाते हैं।

 

पुलिस अधिकारी बन महिला से ठगी, गहनें लेकर फरार हुए जालसाज

Jai Lok
Author: Jai Lok

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RELATED LATEST NEWS

Home » दुनिया » भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू
best news portal development company in india

Top Headlines

Live Cricket