
सांसद विवेक तन्खा ने केन्द्रीय मंत्री गडकरी से किया आग्रह
जबलपुर (जयलोक)। केन्द्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी के जबलपुर आगमन पर उनका स्वागत करते हुए सांसद विवेक तन्खा ने उन्हें जबलपुर के नेशनल हाईवे के प्रति रुचि लेने के लिए धन्यवाद भी दिया है। श्री तन्खा ने बहुत दिनों से लंबित मंडला और शाहपुरा रोड के कार्य के प्रति उनका ध्यान आकर्षित कराया है। अपने ट्वीट में श्री तन्खा ने केन्द्रीय मंत्री गडकरी से जबलपुर के हाईवेस और सर्कुलर रोड के सेटेलाईट टाउनशिप बनाने की योजना तैयार कराने का आग्रह भी किया है। श्री तन्खा ने गडकरी से अपेक्षा की है कि इस कार्य के लिए उन्हें उनसे बहुत उम्मीद भी है। वहीं केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने श्री विवेक तन्खा को 24 जनवरी को एक पत्र लिखा है इस पत्र में उन्होंने अपने विभाग की ओर से मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग के विकास कार्यों को लेकर 30 जनवरी को जबलपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अनुरोध भी किया है। इस कार्यक्रम में भोपाल एवं जबलपुर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण की आधारशिला भी रखी जायेगी।
Author: Jai Lok







