केजरीवाल सिसोदिया भी हारे, आतिशी जीतीं
48 सीटों पर बढ़त, शाह से मिलने पहुंचे प्रवेश वर्मा
नई दिल्ली (जयलोक)। दिल्ली में 27 साल में लगातार 6 चुनाव हारने के बाद भाजपा की वापसी हो रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों में भारतीय जनता पार्टी 48 सीटों पर आगे हैं। वहीं सत्तारूढ़ रही आम आदमी पार्टी 22 सीटों पर सिमट गयी है। कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली है। इस बदलाव में आप के अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली और सिसोदिया जंगपुरा सीट से चुनाव हार गए। मुख्यमंत्री आतिशी कालकाजी सीट पर चुनाव जीत गई हैं। सत्येंद्र जैन चुनाव हार गए हैं। केजरीवाल को हराने वाले भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा अमित शाह से मिलने पहुंचे। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पर जश्न जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 7 बजे पार्टी हेडक्वार्टर पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं के बीच स्पीच देंगे।
नई दिल्ली विधानसभा सीट
आम आदमी पार्टी को यहां बड़ा झटका लगा है। नई दिल्ली सीट से पूर्व सीएम और आप प्रत्याशी अरविंद केजरीवाल हार गए हैं। भाजपा के प्रत्याशी प्रवेश वर्मा जीत गए हैं। कांग्रेस ने इस सीट से संदीप दीक्षित को चुनावी मैदान में उतारा था। नई दिल्ली सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने कहा, मैं सभी दिल्ली वासियों को बधाई देता हूं, उनका धन्यवाद करता हूं। दिल्ली में बनने वाली यह सरकार प्रधानमंत्री के विजन को दिल्ली में लेकर आएगी। मैं इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को देता हूं। मैं दिल्ली की जनता का धन्यवाद करता हूं। यह जीत प्रधानमंत्री मोदी और दिल्ली की जनता की जीत है। बता दें कि लगातार तीन बार इस सीट का प्रतिनिधित्व करने वाली दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को 2013 विधानसभा चुनाव में शिकस्त देकर अरविंद केजरीवाल दिल्ली की सत्ता पर काबिज हुए थे। उन्होंने लगातार तीन बार इस विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया।
कालकाजी विधानसभा सीट
कालकाजी सीट से आप प्रत्याशी आतिशी चुनाव जीत गई हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी को हराया है। बता दें कि कालकाजी सीट सबसे चर्चित सीटों में शामिल है। इस बार आम आदमी पार्टी ने कालकाजी सीट से मुख्यमंत्री आतिशी को टिकट दिया। वहीं कांग्रेस ने पूर्व विधायक अलका लांबा को उतारा। इन चेहरों के कारण कालकाजी सीट एक बार फिर हॉट सीट बन गई है। वहीं भाजपा ने यहां से रमेश बिधूड़ी को टिकट दिया। कालका सीट से उम्मीदवार बनाए गए बिधूड़ी अपने बयानों की वजह से विवादों में रहते हैं।
जंगपुरा विधानसभा सीट
जंगपुरा सीट से आप प्रत्याशी मनीष सिसोदिया हार गए हैं। भाजपा के प्रत्याशी तरविंदर सिंह मारवाह ने यहां जीत दर्ज की है। हार के बाद आम आदमी पार्टी नेता और जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने कहा, जंगपुरा के लोगों ने बहुत प्यार दिया लेकिन लगभग 600 वोट से हम पीछे रह गए। जो उम्मीदवार जीते हैं, हम उन्हें बधाई देते हैं। हम उम्मीद करते हैं कि जंगपुरा के लोगों की समस्याओं को वे हल करेंगे।
करावल नगर विधानसभा सीट
करावल नगर सीट पर 17 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। यहां से भाजपा के कपिल मिश्रा आगे चल रहे हैं। आम आदमी पार्टी के मनोज त्यागी पीछे चल रहे हैं। कपिल मिश्रा को 90948 और मनोज त्यागी को 46101 वोट मिले हैं।
पटपडग़ंज विधानसभा सीट
पटपडग़ंज सीट पर भाजपा के अवध ओझा हार गए हैं। भाजपा के रवींद्र सिंह नेगी ने यहां जीत दर्ज की है। हारने के बाद पटपडग़ंज विधानसभा सीट से आप उम्मीदवार अवध ओझा ने कहा, मैं जनता का शुक्रिया अदा करता हूं। मैं दूसरे स्थान पर आया, अगली बार खुद को शीर्ष पर लाने की कोशिश करूंगा। चूक यह हुई कि मैं सभी से मिल नहीं पाया, शायद मुझे इसके लिए अच्छा समय नहीं मिला लेकिन फिर भी मैं इस हार की व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेता हूं। पटपडग़ंज विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रविंदर सिंह नेगी ने कहा, मेरे लिए यह सौभाग्य की बात है कि हमने दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ा। यह उनका आशीर्वाद था, जिस तरह से उन्होंने आम आदमी पार्टी को आपदा कहा, उन्होंने कहा आपदा हटाओ, दिल्ली बचाओ। लोगों ने इसे स्वीकार भी किया। शीर्ष नेतृत्व के नेतृत्व में हमें जीत मिली है, मैं सभी का आभार व्यक्त करता हूं।
बल्लीमारान विधानसभा सीट
दिल्ली सरकार में मौजूदा कैबिनेट मंत्री इमरान हुसैन बल्लीमारान सीट से जीत दर्ज की हैं। भाजपा के प्रत्याशी कमल बागड़ी को उन्होंने हराया हैं। इमरान हुसैनके सरकार के मंत्री होने के चलते यह सीट भी हॉट सीट बनी हुई है। कांग्रेस की तरफ से हारून यूसुफ चुनावी मैदान में है। हारून यूसुफ भी दिल्ली सरकार में पहले मंत्री रह चुके हैं। इसलिए इस सीट के रिजल्ट पर हर किसी की नजर है।
बाबरपुर विधानसभा सीट
बाबरपुर विधानसभा सीट के रुझानों में आप के प्रत्याशी गोपाल राय आगे चल रहे हैं। भाजपा का अनिल वशिष्ठ पीछे चल रहे हैं। गोपाल राय पिछले 10 साल से केजरीवाल की सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं। जिसके चलते यह सीट काफी चर्चा में है। इसलिए चुनाव परिणाम को लेकर भी लोगों में उत्सुकता है।
हमें और अधिक मेहनत करनी होगी, हार पर बोलीं प्रियंका गांधी
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों पर कहा कि मुझे लगता है कि दिल्ली में हमारी सभी बैठकों और जिन लोगों से मैं मिल रही थी, उन सबसे यह बहुत स्पष्ट था कि लोग बदलाव चाहते थे और वे उन चीजों से तंग आ चुके थे। उन्होंने बदलाव के लिए वोट दिया है, जो जीतें उन्हें बधाई। हमें और अधिक मेहनत करनी होगी, हम लोगों के मुद्दे उठाते रहेंगे।
झूठ, फरेब, मुफ्तबाजी की राजनीति का अंत
हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। आप की हार के बाद झूठ, फरेब, मुफ्तबाजी की राजनीति का अंत हो रहा है…दिल्ली के समझदार लोगों ने बहुत अच्छा फैसला दिया है कि कांग्रेस अब इस देश में ज़ीरो है।
आज न्याय हुआ है कुमार विश्वास
दिल्ली चुनाव के नतीजों पर कुमार विश्वास ने कहा कि मैं भाजपा को जीत की बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे दिल्ली की जनता के लिए काम करेंगे। मुझे उस आदमी से कोई सहानुभूति नहीं है जिसने आप पार्टी कार्यकर्ताओं के सपनों को कुचल दिया। दिल्ली अब उससे मुक्त हो चुकी है। उसने उन सपनों का इस्तेमाल अपनी निजी महत्वाकांक्षाओं के लिए किया। आज न्याय हुआ है।
यह प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी है-रवि किशन
भाजपा सांसद रवि किशन ने दिल्ली चुनाव के रुझानों पर कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी है, कोई मुख्यमंत्री का चेहरा फेस नहीं था, ये है लोगों का भाजपा पर भरोसा। पूर्वांचल और पूरी दिल्ली की जनता का धन्यवाद। अरविंद केजरीवाल और आप ने जो गंदी राजनीति शुरू की थी, उसका अंत हो गया है। अब दिल्ली का तेजी से विकास होगा…
केजरीवाल गलत रास्ते पर चला गया
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों पर समाज सेवक अन्ना हजारे ने कहा, लोगों ने नई पार्टी पर विश्वास किया था। लेकिन आगे चलकर शराब की दुकान बढ़ाने के कारण उसकी(अरविंद केजरीवाल) छवि खराब होने लगी। निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा ही भगवान की पूजा होती है, ये उनके समझ में नहीं आया, जिसके कारण वो गलत रास्ते पर गया।
भोपाल में बनेगा आचार्यश्री विद्यासागर स्मारक और शोध संस्थान, सीएम की घोषणा
