
जबलपुर (जयलोक)। कलेक्टर दीपक सक्सेना ने तापमान में लगातार हो रही वृद्धि और इसका विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पडऩे की संभावना को देखते हुये जिले में स्थित सभी विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया है। कलेक्टर द्वारा आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिले में स्थित सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई और नवोदय विद्यालय अब सुबह 7 बजे से दोपहर एक बजे तक लगेंगे। विद्यालयों के समय में परिवर्तन करने जारी किया गया यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा। आदेश के मुताबिक परीक्षाएं एवं मूल्यांकन कार्य निर्धारित समय अनुसार ही होंगे।
सीएमएचओ ने दी सलाह
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बढ़ते तापमान को देखते हुये जन समुदाय को लू (तापघात) से बचने के लिये एडवाइजरी जारी की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि लू के लक्षण दिखाई देते ही निकट के अस्पताल में संपर्क करने तथा आवश्यक दवा का उपयोग सुनिश्चित करें। वहीं गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। अब सभी स्कूल सुबह पाली में लगाए जाएंगे। ताकि बच्चों को गर्मी और लू से बचाया जा सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु में लू लगने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती है। वृद्ध, बच्चे, खिलाड़ी, धूप में काम करने वाले श्रमिक सर्वाधिक खतरे में रहते हैं। पसीना न आना, गर्म-लाल एवं शुष्क त्वचा, मतली, सिरदर्द, थकान, चक्कर आना, उल्टियां होना, बेहोश हो जाना एवं पुतलियां छोटी हो जाना लू (तापघात) के प्रमुख लक्षण एवं संकेत हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विनीता उप्पल ने बताया कि गर्मी व लू से बचाव के लिए खूब पानी पीये व खाली पेट न रहें, शराब व चाय-कॉफी के अधिक सेवन से बचें, ठण्डे पानी से नहाएं, सर ढंके व हल्के रंग के ढीले व पूरी बांह के कपड़े पहनें, बच्चों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें, दोपहर में 12 से 4 बजे के बीच बाहर जाने से बचें, धूप में नंगे पाँव न चलें, बहुत अधिक परिश्रम वाले कार्य न करें।

Author: Jai Lok







