
जबलपुर (जयलोक)। दो दिन पूर्व कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में 27 हिंदू पर्यटकों के मारे जाने की घटना से शहर में भी दहशत का माहौल बना हुआ है। गर्मियों की छुट्टियां लग जाने से और तेज पड़ रही गर्मी को लेकर कश्मीर में घूमने जाने वालों को अब अपने इरादे बदलना पड़ रहे हैं और कश्मीर घूमने जाने के कार्यक्रम को अब रद्द करने में लोग लगे हुए हैं। बहुत से लोगों ने ट्रेन से जाने के लिए आरक्षण करवाए हुए हैं इन आरक्षणों को अब रद्द करवाया जा रहा है। बहुत से लोगों ने श्रीनगर और अन्य क्षेत्रों में होटलों को भी बुक कराया है अब होटल की बुकिंग भी लोग रद्द करवा रहे हैं। लोगों को इस बात का भी सबसे ज्यादा खौफ है कि कश्मीर में पहली बार धर्म पूछ कर पर्यटकों को मारा गया है। एक साथ 27 हिंदू पर्यटकों को मौत के घाट उतारे जाने की वारदात से दहशत का माहौल बना हुआ है। आतंकवादियों ने जिस तरह से हिंदू पर्यटकों को मारा है उनकी बिछी हुई लाशों की तस्वीर भी अब लोगों को देखने मिल रही हैं। इन तस्वीरों को देखने के बाद से कश्मीर घूमने जाने वाले लोग अब अपने इरादे बदल रहे हैं।
अगले माह से अमरनाथ की यात्रा भी शुरू होने जा रही है। अमरनाथ की यात्रा उस पहलगाम से शुरू होती है जहां आतंकवाद की एक बड़ी घटना घटित हुई है। शहर के बहुत से ऐसे लोग जो की अमरनाथ की यात्रा करने का कार्यक्रम बनाये हुए हैं वह भी अमरनाथ की यात्रा करने जाने से बच रहे हैं। शहर में बहुत सारे लोग ऐसे हैं जो वैष्णो देवी के दर्शन करने जम्मू जाते हैं। ऐसे लोगों को भरोसा है कि सिर्फ जम्मू जाकर सुरक्षित रूप से वैष्णो देवी के दर्शन करने जा सकते हैं ऐसा इरादा रखने वाले लोग अभी भी वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए संकल्पित नजर आ रहे हैं। पहलगाम में हुई आतंकवाद की खौफनाक वारदात के बाद शहर में आंदोलन का सिलसिला भी शुरू हो चुका है बहुत सारे लोग पुतले जला रहे हैं। तो वहीं बहुत से लोग ज्ञापन भी सौंप रहे हैं। इस आंदोलन का सिलसिला अभी भी शहर में जारी है।

Author: Jai Lok







