
गाजियाबाद। गाजियाबाद में बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जिसमें एक सिपाही की हत्या कर बदमाश हिस्ट्रीशीटर को छुड़ा ले गए। रविवार देर रात नोएडा पुलिस टीम हिस्ट्रीशीटर को पकडक़र ले जा रही थी, तभी उसके साथियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिसवालों ने गाड़ी रोकी और भागकर अपनी जान बचाई। मौका मिलते ही हिस्ट्रीशीटर वहां से भाग गया। फिर उसने साथियों के साथ मिलकर पुलिस पर गोलियां बरसाई। दोनों ओर से 20-25 राउंड फायरिंग हुई।
मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि हिस्ट्रीशीटर की गोली सिपाही सौरभ के सिर में लगी। यह देखकर हिस्ट्रीशीटर अपने साथियों के साथ वहां से भाग गया।
हालांकि रविवार सुबह पुलिस ने 24 साल के हिस्ट्रीशीटर कादिर को गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ हत्या, लूट जैसे कई मामले दर्ज हैं। हमले के बाद पुलिसकर्मियों ने बैकअप के लिए टीम बुलाई। सिपाही को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सिपाही सौरभ कुमार शामली का रहने वाला था।
बता दें दिल्ली-लखनऊ हाईवे से पांच किलोमीटर दूर नाहल गांव है। रविवार देर रात हिस्ट्रीशीटर के गांव में पुलिस ने एक-एक घर की तलाशी ली। सुबह गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है। जांच में सामने आया है कि नोएडा पुलिस ने गाजियाबाद पुलिस को दबिश की जानकारी नहीं दी थी।

Author: Jai Lok







