
जबलपुर, (जयलोक)। 1100 करोड़ की लागत से तैयार हो रहे प्रदेश के सबसे बड़े और आकर्षक फ्लाई ओवर पर कांग्रेस घटिया राजनीति कर रही है, लोक निर्माण विभाग जिस फ्लाईओवर का निर्माण तेजी से कर रहा है अभी इसमें तकनीकी तौर पर बहुत सारे कार्यों को अंतिम स्वरूप मिलना है। लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह विगत दिवस प्रेस को यह जानकारी दे चुके हैं कि अभी इस फ्लाई ओवर में करीब 25 करोड़ रुपए की शानदार और आकर्षक लाइटिंग का कार्य बाकी है। प्रदेश में शायद यह पहला फ्लाईओवर है जिसके नीचे बच्चों के खेलने के लिए खाली स्थान पर बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण भी किया जा रहा है। पुल के ऊपरी हिस्से में पुताई पेंटिंग का कार्य होना है। ऐसे में किसी भी शासकीय निर्माण को आधे अधूरे में प्रारंभ कर देना न्यायोचित भी नहीं है और नियम सम्मत भी नहीं है। अब कांग्रेस इस फ्लाईओवर को लेकर बेवजह की घटिया राजनीति कर रही है। कांगे्रस द्वारा फ्लाईओवर के तकनीकी पहलुओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा और जनता को भ्रमित करने का कार्य किया जा रहा है। भारत सरकार में रेलवे बोर्ड के सदस्य, मुख्यमंत्री जन कल्याण योजना के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व युवा मोर्चा के अध्यक्ष सोनू बचवानी ने कहा है कि
प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाई ओवर की शुरूआत भाजपा के प्रयासों से 15 फरवरी 2019 को केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडक़री की थी। इस बड़े फ्लाई ओवर की कल्पना कर इसके निर्माण में अहम भूमिका अदा करने वाले तत्कालीन सांसद और वर्तमान लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने की थी। भाजपा जो भी विकास कार्य करती है वह जनता की सुविधाओं के प्रति समर्पित होता है। लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह जब सांसद थे उस वक्त भी उनकी मंशा बिल्कुल स्पष्ट थी कि हर कार्य को संपूर्ण सुविधा युक्त होने के बाद जनता के समक्ष समर्पित करना ही उचित होता है।
पूर्व सांसद वर्तमान कैबिनेट मंत्री श्री राकेश सिंह यह भी बता चुके हैं कि कांग्रेस के कार्यकाल में इस फ्लाई ओवर के निर्माण की योजना को समाप्त करने की साजिश करने के प्रयास किए गए थे। लेकिन मंत्री श्री सिंह ने इस मुद्दे को लगातार सडक़ परिवहन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष उठाया और जबलपुर को अंतत: फ्लाई ओवर की सौगात मिल सकी।

Author: Jai Lok







