
जबलपुर (जयलोक)। नगर निगम के ठेकेदारों के काम अजीबोगरीब ही होते हैं। इन दिनों एक बार फिर ठेका कंपनी द्वारा लापरवाही पूर्वक तरीके से किया जा रहा कार्य चर्चा में आ गया है। गौरीघाट लालपुर फिल्टर प्लांट से रांझी तक पानी की पाइपलाइन डालने का काम नगर निगम द्वारा किया जा रहा है।
यहां पर मुख्य सडक़ पर पाइपलाइन डालने के लिए बड़े और गहरे गड्ढे किए गए। इनके बीच में बड़े-बड़े पाइप बिछाए गए और जब इन गड्डों को वापस पूरने की बारी आई तो यहां पर गैर जिम्मेदाराना तरीके से कचरे से यह कार्य किया जाने लगा। ना मिट्टी डाली गई, ना गिट्टी डाली गई ना बोल्डर डाले गए इसके बदले कचरे से इसको भरने का कार्य किया जा रहा है। शहर के इंजीनियर और जिम्मेदार लोगों ने जब यह हरकतें देखीं तो सवाल उठाने प्रारंभ कर दिये कि आखिर यह कैसे संभव है कि कचरे से भराई करने के बाद यह सडक़ की जुड़ाई भविष्य में चलेगी। यह सीधे तौर पर जनता के पैसों की बर्बादी है और ठेकेदारों की मनमानी का नमूना है। अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों को यह बातें क्यों नहीं नजर आती हैं और आम आदमी के हल्ला मचाने पर फिर कार्यवाही का ढोंग किया जाने लगता है।
निर्माण कार्य में लापरवाही का यह नमूना रामपुर से ग्वारीघाट की ओर जाने वाली रोड पर चल रहे पाइपलाइन बिछाने के कार्य में साफ नजर आ रहा है। हालांकि प्रशासन हल्ला मचने के बाद इस कार्य को सुधारने में लगा है और जितना गड्डा बचा है उसको अब मिट्टी और पत्थर से भरने का काम करने के लिए कहा गया हैं। लेकिन फिर भी इस पाइप लाइन बिछाने के कार्य और भविष्य में सुधार कार्य की गुणवत्ता पर सवालिया निशान ही लगा रहेगा।

भोपाल एनआईए टीम का झालावाड़ में छापा, राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के शक में कपड़ा व्यापारी पर कार्रवाई





