Download Our App

Home » जीवन शैली » जबलपुर को मिलेगी जू और वनतारा की तरह रेस्क्यू सेंटर की सौगात, ठाकुरताल में जू और रेस्क्यू सेंटर बनेगा-राकेश सिंह

जबलपुर को मिलेगी जू और वनतारा की तरह रेस्क्यू सेंटर की सौगात, ठाकुरताल में जू और रेस्क्यू सेंटर बनेगा-राकेश सिंह  

सच्चिदानन्द शेकटकर    
जबलपुर (जयलोक)। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर को दो बड़ी सौगातें दिलाने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों की एक बैठक में जबलपुर में जू बनाने और गुजरात के जामनगर में अंबानी द्वारा संचालित वनतारा की तरह जबलपुर में भी रेस्क्यू सेंटर बनाने का प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वन विभाग के अधिकारी अगले माह वनतारा देखने जाएंगे। वहीं कल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश ङ्क्षसह ने मदन महल पहाड़ी पर स्थिति ठाकुरताल का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में उन्होंने ठाकुरताल में ही जू और रेस्क्यू सेंटर बनाने की घोषणा भी की है। श्री सिंह ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा भी कर ली है। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव खुद गुजरात के जामनगर में संचालित अडानी के वनतारा जू एंड रेस्क्यू सेंटर को देखकर आए हैं। इसे देखने के बाद मुख्यमंत्री ने अपने गृह नगर उज्जैन के साथ ही जबलपुर में भी जामनगर की तरह वनतारा रेस्क्यू सेंटर बनाने का निर्णय लिया है। जबलपुर में इसकी स्थापना के लिए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश वन विभाग के अधिकारियों को दिए गए हैं। इनके निर्माण के लिए मध्य प्रदेश सरकार केंद्रीय पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और कारपोरेट जगत से सीएसआर के तहत फंड जुटाने जा रही है। मुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों के साथ जामनगर के वनतारा को देखने के बाद अपने अनुभव साझा किये और अधिकारियों को यह निर्देश दिए हैं कि वह जामनगर जाएं और देख समझ कर आएं कि हम इस तरह की फैसिलिटी कैसे विकसित कर सकते हैं। प्रदेश सरकार वनतारा के विस्तृत अध्ययन के लिए आगामी जुलाई माह में 6 वरिष्ठ वन अधिकारियों को जामनगर भेजने जा रही है। उज्जैन का प्रस्ताव तो मंजूरी के लिए जा भी चुका है। लेकिन अभी जबलपुर में जू एवं वनतारा जैसे रेस्क्यू सेंटर की स्थापना के लिए डीपीआर तैयार करने का काम किया जा रहा है। जब जू और वनतारा की तरह रेस्क्यू सेंटर को जबलपुर में स्थापित करने के लिए जो प्लान तैयार हो रहा है उस प्लान में कितनी राशि खर्च होगी यह भी पता चलेगा।  पूरा तैयार हो जाने के बाद यह तय होगा कि  जबलपुर में जू बन जाने से शहर वासियों को और बाहर से आने वाले लोगों के लिए पर्यटन का एक बड़ा केंद्र बन जाएगा, वहीं वन्य प्राणियों के उपचार के लिए वनतारा जैसा उपचार का एक बड़ा केंद्र भी बन जाएगा जो जबलपुर के लिए बड़ी उपलब्धियाँ होंगी।

बरगी बांध में छोड़ी जायेंगी महाशीर मछलियां

मुख्यमंत्री ने नर्मदा नदी में मगरमच्छ और महाशीर मछलियों को फिर से आबाद करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए महाशीर मछली का एक और ब्रीडिंग सेंटर जबलपुर में बनाया जाएगा। वहीं अभी बड़वाह में जो महाशीर  मछलियों का ब्रीडिंग सेंटर है वहां से आधी महाशीर मछलियां जबलपुर में लाई जायेंगी और इन्हें बरगी बांध में छोड़ा जाएगा।
ठाकुर ताल में बनेगा सबसे आकर्षक जंगल सफारी-राकेश सिंह
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कल मदन महल की पहाडिय़ों में स्थित ठाकुरताल व आसपास के वन क्षेत्रों का भ्रमण कर पर्यटन के अदभुद केंद्र की विकास योजना पर बृहद चर्चा की। निरीक्षण के दौरान वन्य जीवों तथा वन्य क्षेत्र के गहन अध्यन तथा वन पर्यावरण और जन सामान्य के बीच तादात्म्य के प्रखर हिमायती तथा पर्यटनी विकास में जिनकी विशेष भूमिका रहेगी ऐसे मुख्य वन संरक्षक कमल अरोरा एवं वन मंडल अधिकारी ऋषि मिश्रा उपस्थित थे। मंत्री श्री राकेश सिंह ने ठाकुर ताल के निरीक्षण के बाद कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों में बर्षाकालीन प्राकृतिक सुन्दरता की छटा जबलपुर स्थित इस जंगल सफारी में मिलेगी। इस संपूर्ण क्षेत्र को प्राकृतिक सौंदर्य को क्षति पहुंचाए बिना ऐसे नैसर्गिक पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां प्रकृति का सौंदर्य मन को शान्ति तथा साहसिक एडवेंचर का सम्मिलित स्वरूप होगा। मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि वे डुमना नेचर रिजर्व को लाए ही इसलिए थे कि वहां टाईगर सफारी बन सके परन्तु माननीय न्यायालय की रोक के उपरांत अब ठाकुरताल के पास ही जू व रेस्क्यू सेंटर बनाया जाएगा, इस संबध ने मुख्यमंत्री से चर्चा हुई है परिणाम स्वरूप अब यहां लायन टाइगर और लेपर्ड एक ही स्थान पर विचरण करते हुए पर्यटकों को देखने मिलेंगे। यहां बर्ड हेवन के रूप में विकसित करने की असीम संभावनाएं है।

जामनगर का वनतारा जबलपुर में भी बनेगा

गुजरात के जामनगर में देश के जाने-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी ने वन्य प्राणियों के लिए विशेष कर उनके उपचार के लिए वनतारा का निर्माण कराया है। वनतारा यानी वन का तारा यह उस भव्य एनिमल वेलफेयर प्रोजेक्ट का नाम है जो कि अंबानी के बेटे ने करीब 3000 एकड़ में निर्मित कराया है। वनतारा एक ऐसा केंद्र है जो किसी पांच सितारा रिसोर्ट से कम नहीं है। यहां हाथी, शेर, तेंदुआ, हिरण, कछुए, घोड़े, सैंकड़ों दुर्लभ प्रजातियों के जानवर यहां रहते हैं। जहां सैकड़ों जानवरों की देखभाल होती है। वनतारा में प्रतिवर्ष 150 से 200 करोड़ तक रुपए का खर्च हर वर्ष होता है। अनंत अंबानी खुद इसकी देखरेख करते हैं। वनतारा विश्व का विशाल पशु वन जीवन बचाव केंद्र है जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी 4 मार्च को किया है। अब जबलपुर में भी गुजरात के जामनगर की तरह प्राणियों के लिए वनतारा का निर्माण निकट भविष्य में होने जा रहा है और यह वन्य प्राणियों के उपचार का एक बड़ा केंद्र बनेगा। वहीं इसके पास ही वन्य प्राणियों से युक्त जू भी बनेगा जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग आया करेंगें।

18.50 लाख रुपयों के नकली नोट खपाए जाने थे जबलपुर संभाग में, 15 लाख से अधिक नकली नोट पुलिस ने किए बरामद

 

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » जीवन शैली » जबलपुर को मिलेगी जू और वनतारा की तरह रेस्क्यू सेंटर की सौगात, ठाकुरताल में जू और रेस्क्यू सेंटर बनेगा-राकेश सिंह