
पाँच लोगों में 8 साल की बच्ची भी हुई घायल
नई दिल्ली। दिल्ली के वसंत विहार इलाके में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। शिवा कैंप के पास फुटपाथ पर सो रहे पांच लोगों को एक तेज रफ्तार सफेद ऑडी कार ने कुचल दिया। हादसे में एक आठ साल की बच्ची समेत सभी घायल हो गए। घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी चालक का नाम उत्सव शेखर है, जो 40 वर्ष का और द्वारका का निवासी है। वह नोएडा से द्वारका लौट रहा था और शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था। मेडिकल जांच में भी यह बात साबित हुई है।

हादसे के बाद आरोपी भागने की कोशिश में एक ट्रक से टकरा गया, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चश्मदीदों ने बताया कि करीब 15 लोग फुटपाथ पर सो रहे थे, जिनमें से पांच लोग इस हादसे का शिकार बने। घायल राजस्थान के रहने वाले हैं, जिनमें लाढ़ी (40), उनकी बेटी बिमला (8), पति सबामी उर्फ चिर्मा (45), रामचंदर (45) और उनकी पत्नी नारायणी (35) शामिल हैं।

ये सभी मजदूरी करते हैं और भीख मांगकर जीवन यापन करते हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर उसकी कार जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया गया है। डीसीपी (दक्षिण पश्चिम) ने बताया कि सभी घायल लोगों की हालत फिलहाल स्थिर है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

कसाब को फाँसी दिलाने वाले निकम सहित चार हस्तियाँ राज्यसभा पहुँची
Author: Jai Lok







